गुना के 'भ्रष्ट' अफसरों का बेशर्म खेल: मंत्री ने दिखाई ममता, विभाग ने थमा दिया कचरा!
गुना।
सामाजिक न्याय विभाग के भ्रष्टाचार की ऐसी शर्मनाक तस्वीर सामने आई है, जिसने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की संवेदनशीलता और विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार दिवसीय दौरे पर आए सिंधिया के सामने सोमवार को सर्किट हाउस में जब एक बेबस दिव्यांग ने गुहार लगाई तो लगा कि अब उसकी राह आसान हो जाएगी। लेकिन किसे पता था कि अधिकारियों की कमीशनखोरी के चलते वह राहत महज चंद मिनटों का छलावा साबित होगी।
आधे किमी में ही निकल गए पहिए
पुरानी छावनी निवासी दिव्यांग रामरतन ओझा सोमवार सुबह उम्मीद लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास पहुंचे थे। सिंधिया ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए सामाजिक न्याय विभाग को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मौके पर ही ट्राइसाइकिल पाकर बुजुर्ग दिव्यांग की आंखों में खुशी के आंसू थे, लेकिन यह खुशी हनुमान चौराहे तक भी नहीं पहुंच सकी। सर्किट हाउस से निकलते ही महज 500 मीटर की दूरी पर ट्राइसाइकिल का पहिया रिम सहित टेढ़ा होकर बाहर निकल आया। बीच सड़क पर बेबस बुजुर्ग काफी देर तक घिसटता और परेशान होता रहा।
अधिकारियों की बेशर्म दलील, टक्कर को बताया वजह
मामला तूल पकड़ते ही विभाग के अधिकारियों ने अपनी गर्दन बचाने के लिए झूठ का सहारा लेना शुरू कर दिया। महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी अब्दुल गफ्फार खान ने हास्यास्पद दलील देते हुए कहा कि किसी वाहन ने टक्कर मारी होगी, इसलिए पहिया टेढ़ा हुआ है। जबकि प्रत्यक्षदर्शी दुकानदारों का कहना है कि उनके सामने ही चलते-चलते घटिया क्वालिटी का पहिया मुड़ गया। किसी भी वाहन ने उसे टक्कर नहीं मारी।
सिंधिया की छवि को धूमिल कर रहे अफसर
केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में घटिया सामग्री का वितरण अधिकारियों के बेखौफ भ्रष्टाचार को उजागर करता है। जनता में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि जब केंद्रीय मंत्री के सामने दिए जाने वाले सामान की यह गुणवत्ता है, तो आम दिनों में गरीबों को क्या दिया जाता होगा? हालांकि, अधिकारी अब इसे गारंटी अवधि का हवाला देकर बदलने की बात कह रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि यदि वह बुजुर्ग बीच सड़क पर हादसे का शिकार हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? यह घटना गुना प्रशासन के गाल पर एक जोरदार तमाचा है।

13 साल पुराने मामले में दुष्कर्मी कपड़ा व्यापारी को सजा
छत्तीसगढ़ में अजीब चोरी, सोना-चांदी छोड़ गैस सिलेंडर ले उड़ा चोर
भोरमदेव महोत्सव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 400+ पुलिसकर्मी तैनात
जहां ढेर हुआ कुख्यात नक्सली बासवराजू, वहीं जवानों ने बनाया कैंप
मध्य प्रदेश में कांग्रेस को सताने लगा क्रॉस वोटिंग का खतरा