गुना। 
गुना जिले के तीन दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को एक नई व्यवस्था लागू की है। अब से सिंधिया के वाहन में जिलाध्यक्ष के अलावा, जिस मंडल में वह दौरे पर होंगे, वहां का मंडल अध्यक्ष और एक सामान्य भाजपा कार्यकर्ता भी साथ बैठेगा। यह निर्णय शनिवार सुबह एक निजी होटल में कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में लिया गया। सिंधिया ने बैठक में स्पष्ट किया कि अब से उनकी गाड़ी में जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय मंडल अध्यक्ष और एक सामान्य कार्यकर्ता बैठेगा, ताकि उनसे सीधी बातचीत हो सके। किस सामान्य कार्यकर्ता को गाड़ी में बैठने का मौका मिलेगा, यह तय करने के लिए उन्होंने एक पदाधिकारी को प्रभारी के रूप में नियुक्त किया है।
कार्यकर्ता बोले- आप पहचानते नहीं; सिंधिया बोले- मिलेंगे तभी तो पहचान होगी
बैठक में कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिया कि कई कार्यकर्ताओं को सिंधिया पहचानते नहीं हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री ने जवाब दिया कि कार्यकर्ता आकर उनसे मिलें, तभी वह पहचान पाएंगे। जब संपर्क ही नहीं होगा तो जान-पहचान कैसे बनेगी। सिंधिया ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं से उम्र भर का रिश्ता बनाना चाहते हैं।
प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर जताई नाराजगी
बैठक में हरिचरण वर्मा, मनोज दुबे, आलोक विजयवर्गीय और चिरौंजी लाल प्रजापति ने अपनी बात केंद्रीय मंत्री के सामने रखी।
खाद की लाइन में जान गंवाने वाली महिला के घर पहुंचे
कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री कुशेपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने खाद की लाइन में मृत हुई आदिवासी महिला भुरियाबाई के परिवार वालों से मुलाकात की और अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।