किसानों का हल्ला बोल, 460 ट्रैक्टरों के साथ की रैली, पूर्व BJP विधायक के साथ आए दो कांग्रेस MLA
गुना।
राजस्थान-मप्र के बीच बन रही पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना के तहत गुना के चांचौड़ा में घाटाखेड़ी समेत दो जगह बनाए जा रहे बांधों का विरोध दिनों-दिन तेज होता जा रहा है। चांचौड़ा से भाजपा की विधायक प्रियंका मीना कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना पार्वती-कालीसिंध चंबल के तहत बन रहे बांध को लेकर हो रही किसानों की समस्या के संबंध में सीएम मोहन यादव (CM Mohan Yadav) से मिलीं, सीएम ने प्रभावित किसानों की मांग का ठोस समाधान का आश्वासन दिया। वहीं पूर्व विधायक ममता मीना डैम बनाने का विरोध कर रही है। उनके नेतृत्व में मंगलवार को किसानों ने गुना आकर कलेक्टोरेट पर प्रदर्शन किया गया। ट्रैक्टर रैली बीनागंज से शुरू होकर गुना शहर के गोपालपुरा तक आई। उस आंदोलन में किसानों की बड़ी भीड़ को देखकर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व विधायक जयवर्धन सिंह, बमौरी विधायक ऋषि अग्रवाल के अलावा वामपंथी दल, भाजपा और किसान संघ के नेताओं ने भी समर्थन देने की घोषणा की।
भाजपा की पूर्व विधायक को मिला दो विधायकों का साथ
इस विरोध प्रदर्शन की खास बात यह रही कि यह आयोजन भाजपा की पूर्व विधायक एवं वर्तमान में आम आदमी पार्टी से जुड़ी ममता मीना की अगुवाई में हुआ, लेकिन इसमें कांग्रेस के दो विधायक जयवर्धन सिंह और ऋषि अग्रवाल भी शामिल हुए। मंगलवार को हुए इस आंदोलन में शामिल होने चांचौड़ा विधानसभा के आधा सैकड़ा से अधिक गांवों से 460 ट्रैक्टर और ट्रॉलियों में भरकर तीन हजार से अधिक लोग बीनागंज से रैली के रूप में ट्रैक्टर ट्रॉली और किसान गोपालपुरा स्थित दशहरा मैदान आए। जहां सभा को पूर्व विधायक व आम आदमी पार्टी की नेता ममता मीना, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व विधायक जयवर्धन सिंह आदि ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम यह लड़ाई गुना नहीं मांग पूरी न होने पर भोपाल-दिल्ली तक लड़ेंगे, किसान अपनी जान दे देगा लेकिन बड़ा बांध घाटाखेड़ी पर नहीं बनने देगा। उन्होने इस सभा में भाजपा की सरकार को भी जमकर कोसा।
वक्ताओं ने कहा- नहीं बनने देंगे बांध
गोपालपुरा स्थित दशहरा मैदान में हुई सभा में वक्ताओं ने यहां तक कह दिया कि हमें चाहें प्रशासन जेल भिजवा दे, या ईंट से दीवार में चुनवा दें, मगर हम किसानों के हित में वहां बांध नहीं बनने देंगे। यहां हमारी सुनवाई नहीं हुई तो हम भोपाल में जंगी प्रदर्शन कर सीएम से मिलने जाएंगे। पूर्व विधायक ममता मीना ने अपने संबोधन में यहां तक कह दिया कि इस किसानों के आंदोलन को गुना-राजगढ़ के सांसदों के अलावा सभी विधायकों को समर्थन कर बड़े बांध की जगह-जगह छोटे डेम बनवाने की बात कहें, जिससे किसानों की जमीन बांध में न जाए और उनकी उपजाऊ जमीन बर्बाद न हो। उनकी उपजाऊ जमीन डुबाई जा रही है, ताकि राजस्थान की बंजर जमीन को उपजाऊ बनाया जा सके, इसे वे कतई सहन नहीं करेंगे।

रिटायर्ड फौजी ने खुद को गोली मारकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी