30 जनवरी से मांडू में जुटेंगे देशभर के कांग्रेसी:'सर्वोदय प्रशिक्षण शिविर' में दिग्गज नेता देंगे जीत के टिप्स
धार।
धार जिले की ऐतिहासिक नगरी मांडू में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए 30 जनवरी से प्रशिक्षण शिविर शुरू होने जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस 'सर्वोदय प्रशिक्षण शिविर' में देशभर से कांग्रेस के बड़े नेता और एक्सपर्ट शामिल होंगे। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मकसद पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाना और आने वाले चुनावों के लिए नई रणनीति तैयार करना है।
दिल्ली के दिग्गज नेता देंगे जीत के टिप्स
यह शिविर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें दिल्ली से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षक कांग्रेस की नीतियों, सिद्धांतों और काम करने के नए तरीकों की जानकारी देंगे। प्रशिक्षण के दौरान चुनाव लड़ने के तरीके, बूथ मैनेजमेंट और जनता से सीधा संवाद कैसे करें, जैसे अहम विषयों पर खास ध्यान दिया जाएगा। शिविर के आखिरी दिन, यानी 1 फरवरी को देश के बड़े नेता भी इसमें शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
जिला अध्यक्ष ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को धार जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन को जमीन पर मजबूत करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। इस शिविर में करीब 100 चुनिंदा पदाधिकारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी रखी गई है।
इन बड़े मुद्दों पर रहेगा पार्टी का जोर
जिला अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस इस शिविर के जरिए "कांग्रेस का हाथ, आम आदमी के साथ" के नारे को बुलंद करना चाहती है। पार्टी का लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य और आम जनता की स्वतंत्रता जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठाना है।
यह रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ नेता सुखराम मकवाना, श्रीमती चंद्रकला डांगी, कपिल वर्मा और संदीप लिलर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्षद मौजूद रहे।

Jabalpur में तीन वर्षों में 22 हजार से अधिक टीबी मरीज दर्ज
Banaras Hindu University में कैंपस प्लेसमेंट का दायरा बढ़ा