ढाका। 
बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना मानवता के खिलाफ 5 अपराधों में से 3 में दोषी करार दी गई हैं। ढाका में इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल जल्द ही उन्हें सजा सुनाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें मौत की सजा मिल सकती है। कोर्ट के फैसले का लाइव टेलीकास्ट किया जा रहा है। हसीना के फैसले को लेकर देशभर में हिंसा जारी है। सरकार ने हाई अलर्ट की घोषणा कर दी है। ढाका में 15,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इन्हें हिंसक प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश दिया गया है। शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक ढाका में दो बसों को आग लगा दी गई। फैसले के बाद हिंसा और बढ़ने की आशंका को देखते हुए देशभर में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
शेख हसीना के बेटे बोले- मेरी मां भारत में सुरक्षित
अल जजीरा के मुताबिक शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद ने कुछ दिन पहले पत्रकारों से कहा था कि उन्हें पहले से पता है कि उनकी मां को मौत की सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हसीना भारत में सुरक्षित हैं और भारतीय सुरक्षा एजेंसियां उनकी पूरी रक्षा करेंगी। वाजेद ने कहा कि शेख हसीना 5 बार प्रधानमंत्री रही हैं और देश में उनके बहुत समर्थक हैं। उनकी पार्टी अवामी लीग बांग्लादेश की दो सबसे बड़ी पार्टियों में से एक है। इसलिए वे इस फैसले को हल्के में नहीं लेंगे।