दतिया उपचुनाव: कांग्रेस बोली 'सुनामी', बीजेपी ने जताया जीत का भरोसा
दतिया, सबकी खबर।
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनावी मुकाबला पूरी तरह दिलचस्प हो गया है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी, दोनों ही अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। एक ओर कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व राजपरिवार के सदस्य घनश्याम सिंह भाजपा में टिकट वितरण के बाद पैदा हुई नाराजगी को अपने पक्ष में माहौल बता रहे हैं, वहीं भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी संगठन की मजबूती और विकास के मुद्दे पर जनता का समर्थन मिलने का भरोसा जता रहे हैं। सबकी खबर का दतिया के जमीनी हकीकत से रूबरू कराता यह विश्लेषण।
कांग्रेस का दावा: भाजपा में 'डिवाइड हाउस', कांग्रेस के पक्ष में 'सुनामी'
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए न तो टिकट मांगा था और न ही कोई लॉबिंग की थी। पार्टी के सर्वे में उनका नाम सबसे आगे आने के बाद नेतृत्व ने उन्हें उम्मीदवार बनाया। उन्होंने भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम लेते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में दतिया में विकास हुआ है और उनके साथ व्यक्तिगत संबंध सामान्य एवं मधुर हैं। हालांकि उनका कहना है कि नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद भाजपा के भीतर असंतोष साफ दिखाई दे रहा है। घनश्याम सिंह ने दावा किया कि भाजपा "डिवाइड हाउस" बन चुकी है और इसका सीधा लाभ कांग्रेस को मिलेगा। उन्होंने कहा कि दतिया में कांग्रेस के पक्ष में "आंधी या तूफान नहीं, बल्कि सुनामी" चल रही है।
सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप
कांग्रेस उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि उपचुनाव में शासन और प्रशासन पूरी ताकत से भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री की सभा के लिए बड़ी संख्या में बसें लगाई गईं और सरकारी तंत्र का उपयोग लोगों को सभा तक लाने में किया गया। हालांकि उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह अपेक्षा के अनुरूप नहीं दिखा। घनश्याम सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग तक लगातार शिकायतें भेजी जा रही हैं।
भाजपा का जवाब: संगठन मजबूत, विकास फिर रफ्तार पकड़ेगा
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि दतिया में पिछले ढाई वर्षों के दौरान विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और भाजपा सरकार बनने पर अगले ढाई वर्षों में पांच वर्षों के बराबर विकास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि टिकट घोषित होने के बाद कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान किया गया और अब पूरा संगठन एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतर चुका है। उनके अनुसार भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता वैचारिक रूप से मजबूत है और पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रहा है।
नरोत्तम मिश्रा के सहयोग पर भरोसा
आशुतोष तिवारी ने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा उनके बड़े भाई और मार्गदर्शक हैं तथा उनके नेतृत्व और सहयोग से भाजपा चुनाव जीतने जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरा संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
दोनों उम्मीदवारों ने जताया जीत का विश्वास
दोनों उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी जीत का भरोसा जताया। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह का कहना है कि भाजपा की अंदरूनी कलह से कांग्रेस को फायदा मिलेगा, जबकि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का दावा है कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और विकास के एजेंडे के दम पर भाजपा विजय हासिल करेगी। अब दतिया की जनता किसके दावे पर मुहर लगाती है, इसका फैसला मतदान और मतगणना के बाद ही सामने आएगा।

राजकोट एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, दुबई से मुंबई जा रही थी फ्लाइट
युद्ध से बातचीत की ओर बढ़े कदम, ईरान ने हमले रोके, सीजफायर पर जोर
छात्रों पर कार्रवाई को लेकर संसद में हंगामा, गृह मंत्री से इस्तीफे नहीं बल्कि माफी की मांग
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर उद्धव ठाकरे का वार, कहा- जनता सच पहचानती है