दतिया। 
दतिया विधानसभा उपचुनाव की बढ़ती सियासी सरगर्मी के बीच शुक्रवार को एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने तीखी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के दौर में भी लोकतांत्रिक सौहार्द और मर्यादा का बेहतरीन संदेश दिया। दतिया जाते समय वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में भारतीय जनता पार्टी के मध्य प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी आमने-सामने की सीट पर बैठकर खुशनुमा माहौल में बातचीत करते नजर आए। उनके साथ राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल और भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार भी सफर कर रहे थे। चुनावी मौसम में दो धुर विरोधी दलों के सेनापतियों का इस तरह सहज वातावरण में सफर करना पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।
दोनों ने जतायी अपनी-अपनी जीत की उम्मीद
इस दिलचस्प सफर के दौरान दोनों ही नेताओं के बीच दतिया उपचुनाव और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर लंबी चर्चा हुई। हालांकि, चुनावी बातचीत में दोनों ने अपनी-अपनी पार्टी के जीतने का पूरा भरोसा जताया। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को क्षेत्र की जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है और वे ऐतिहासिक वोटों से चुनाव जीतेंगे। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पलटकर दावा किया कि दतिया की जनता का झुकाव भाजपा की तरफ है और पार्टी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ही यहां से जीत का परचम लहराएंगे।
दतिया में दोनों दलों का महा-शक्ति प्रदर्शन
ट्रेन के इस सौहार्दपूर्ण माहौल के इतर दतिया की जमीन पर दोनों ही दल अपने-अपने चुनाव अभियान को चरम पर ले जाने की तैयारी में हैं। भाजपा का शंखनाद: भाजपा दतिया के प्राची होटल में अपने हाईटेक मीडिया सेंटर का उद्घाटन करने जा रही है। यहीं से पार्टी की सोशल मीडिया, मीडिया कोऑर्डिनेशन और प्रचार रणनीति की कमान संभाली जाएगी।
कांग्रेस की विशाल जनसभा: दूसरी ओर, कांग्रेस भी पूरा दमखम दिखा रही है। पार्टी की तरफ से दतिया के बसई क्षेत्र में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह सहित कई दिग्गज नेता जमीनी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।