दतिया। 
सीएम मोहन यादव ने दतिया उपचुनाव में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के लिए यह चुनाव राजा और रंक का है। कांग्रेस और उसकी मानसिकता जमीन पर टिकने वाली नहीं होती। उन्हें जमीन का होश नहीं और सारा आसमान खरीदने की बात करते हैं।
जनता को बनाते हैं बेवकूफ
सीएम मोहन यादव ने कहा कि जो नाटक कांग्रेस के बडे नेता के नाना ने किया, नानी ने किया, माता-पिता ने किया, वही नाटक ये बड़े नेता करते हैं। केवल जनता को बेवकूफ बनाते हैं। कांग्रेस 1956 में पहली बार राज्य की सत्ता में आई। तब से लेकर साल 2002-03 तक प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये साल थी। बीजेपी के शासनकाल में दतिया कहां से कहां पहुंच गया। यहां हुआ विकास भाजपा की ही देन है। कांग्रेस के शासनकाल में पहले डाकू और फिर नक्सली खून की नदियां बहाते थे। इस पर भी कांग्रेस के लोगों को शर्म नहीं आती थी। कांग्रेस केवल वोट बैंक की राजनीति करती है, उसे जनता से कोई मतलब नहीं ।
दतिया के विकास में कोई कमी नहीं होगी
उन्होंने कहा कि बिल्ली के भाग से छीका नहीं टूटता। पू्र्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बैठे रहें उम्मीद हैं। यहां पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं है, बस हमारी पार्टी है भारतीय जनता पार्टी। उसके लिए चुनाव चिन्ह भगवान बराबर है। चुनाव के वक्त हमारा हर कार्यकर्ता प्रत्याशी होता है। उन्होंने कहा कि दतियावासी 100 करोड़ रुपये का भी काम बताएंगे तो वो भी हम करने के लिए तैयार हैं। हमारे पास काम की कमी होने वाली नहीं है।
आगे बढ़ रहा एमपी
मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश-प्रदेश आगे बढ़ रहा है। गुना-शिवपुरी में करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट का भूमि-पूजन हुआ है। आज प्रदेश को 40 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन एक अलग दौर में पहुंच गया। इसके अलावा भी देश के सभी तीर्थ कहां से कहां पहुंच गए। हमारी सरकार ने कहा है कि जहां-जहां भगवान श्री राम और श्री कृष्ण के चरण पड़े, उस हर स्थान को तीर्थ बनाएंगे।