दतिया उपचुनाव: आशुतोष तिवारी के नामांकन में आज BJP का महा-शक्ति प्रदर्शन; CM मोहन यादव और नरोत्तम मिश्रा एक साथ मंच पर
दतिया।
दतिया विधानसभा उपचुनाव 2026 में भाजपा सोमवार को शक्ति प्रदर्शन के साथ उम्मीदवार आशुतोष तिवारी का नामांकन दाखिल कराएगी। दोपहर एक बजे किला चौक पर विशाल आमसभा आयोजित होगी। जनसभा को मुख्यमंत्री मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल व पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ नेता आमसभा को संबोधित करेंगे। टिकट घोषित होने के बाद पहली बार नरोत्तम मिश्रा और प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व एक मंच पर दिखाई देंगे, जिसे भाजपा के डैमेज कंट्रोल और एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। नामांकन से एक दिन पहले रविवार को दतिया में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में भाजपा नेताओं ने चुनावी रणनीति पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर चुनाव में जुटने का आह्वान किया। प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत का निर्माण कर रहे हैं और दतिया के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
'भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि कमल का फूल चुनाव लड़ता है'
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि कमल का फूल चुनाव लड़ता है और कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से ही भाजपा को जीत मिलेगी। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन के सहयोग और कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा दतिया में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। भाजपा सोमवार को नामांकन रैली के जरिए यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि टिकट को लेकर शुरुआती विरोध के बाद अब पूरा संगठन एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतर चुका है।
दतिया में 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे
बता दें, दतिया में पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा था। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेश नेतृत्व के सक्रिय होने के बाद डैमेज कंट्रोल किया गया। दतिया में 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे और तीन अगस्त को मतगणना होगी।
नरोत्तम का टिकट कटते ही मचा था बवाल
गौरतलब है कि 10 जुलाई को दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा होते ही जिला रणक्षेत्र में बदल गया था। पार्टी द्वारा आशुतोष तिवारी के नाम पर मुहर लगाते ही पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने हाईवे पर मोर्चा खोल दिया था। करीब 12 घंटे तक चले इस हंगामे में पुलिस और प्रशासन को आंसू गैस चलानी पड़ी थी।

राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान