दतिया। 
दतिया जिले के सेवढ़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प वाकया सामने आया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत में जुटे कार्यकर्ताओं ने उत्साह में नारे लगाते समय उनके नाम में गलती कर दी। कार्यकर्ताओं ने जोश में “मोहन सिंह यादव जिंदाबाद” और “हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो – मोहन सिंह यादव जैसा हो” के नारे लगा दिए, जबकि मुख्यमंत्री अपने नाम के साथ ‘सिंह’ नहीं लगाते हैं। मंच पर मौजूद लोगों और स्थानीय नेताओं ने तुरंत कार्यकर्ताओं को इस गलती की ओर ध्यान दिलाया। इसके बाद नारेबाजी को सुधारते हुए “मोहन यादव जिंदाबाद” के नारे लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सेवढ़ा पहुंचे थे, जहां उन्होंने सिंध नदी पर बने पुल का लोकार्पण किया और क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी। घटना को लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान जरूर देखने को मिली, लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ।