दतिया।
मध्य प्रदेश के दतिया जिले स्थित पीतांबरा पीठ पर बड़ा हादसा हो गया है। मंदिर के मुख्य द्वार पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान बुधवार की शाम अचानक 8 पिलर भरभराकर गिर गए। एक साथ 8 पिलर गिरने से धमाके जैसी आवाज हुई। हादसा उस समय हुआ जब संध्या आरती चल रही थी। हादसे के चलते हड़कंप की स्थिति बन गई। गनीमत रही की हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। दरअसल, मंदिर में हुई घटना रात के 8:30 बजे से 9:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। इसी दौरान मंदिर में माता की आरती चल रही थी और कई भक्त मंदिर के अंदर मौजूद थे। पिलर गिरने की सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि कोई जनहानि नहीं हुई है।
मिनी कॉरिडोर की तरह हो रहा निर्माण
मिली जानकारी के अनुसार पीताबंरा पीठ मंदिर के मुख्य द्वार का बीते कई महीनों से निर्माण कार्य चल रहा है। इस मुख्य द्वार को मिनी कॉरिडोर की तरह तैयार किया जा रहा है। इस निर्माण में लाल पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है। इन पत्थरों को राजस्थान से लाया जा रहा है।