छतरपुर। 
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इसी बीच अयोध्या से ठीक पहले धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री का स्वागत करने के लिए सलमान, शाहरुख खान पहुंचे। ये बॉलीवुड स्टार नहीं बल्कि मुस्लिम समुदाय के युवा थे। अयोध्या से पहले इन युवकों ने उनका स्वागत किया तो धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी गर्म जोशी के साथ उनके स्वागत को स्वीकारा। बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर ने उनका हाथ पकड़ कर कहा कि अपने धर्म के युवान को यह समझाएं कि यह देश सभी का है अगर कभी देश में दंगा जैसी स्थिति बनती है तो देश के साथ-साथ आपका भी बड़ा नुकसान होगा। साथ ही आपकी कौम भी बदनाम होगी। हम अब्दुल कलाम को सैल्यूट करते हैं, तो वहीं रसखान और रहीम के दोहे भी पढ़ते हैं।
देश जितना हिंदुओं का है उतना ही मुसलमानों का भी
मुस्लिम समुदाय को अब अपनी संस्कृति में थोड़ा बदलाव करना चाहिए। मदरसे और अन्य संस्थाओं में पढ़ने वाले किशोर एवं युवाओं को देश के बारे में बताना चाहिए कि देश जितना हिंदुओं का है उतना ही मुसलमानों का भी है।
दिल्ली ब्लास्ट पर भी दी अपनी प्रतिक्रिया
पदयात्रा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने दिल्ली ब्लास्ट पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जो हुआ वह गंदा और बुरा हुआ। हम देश को बचाने के लिए पद यात्रा कर रहे हैं। देश बचेगा तो तभी तो संविधान बच पायेगा। उन्होंने कहा कि हमें मुसलमान से दिक्कत नहीं है बल्कि उस राष्ट्र विरोधी सोच से दिक्कत है।