छिंदवाड़ा। 
छिंदवाड़ा शहर में बढ़ते जल संकट को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को राजीव गांधी भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन पर जमकर हमला बोला। नेताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के परिवार द्वारा खरीदी गई जमीन, राम मंदिर में कथित चंदा चोरी और शहर के जल संकट जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर और आसपास के नगरीय क्षेत्रों में कई दिनों से पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि केवल दिखावे की राजनीति में लगे हैं। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करेगी।
अप्रैल में दी थी चेतावनी, फिर भी नहीं जागा प्रशासन
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अप्रैल में भी पार्टी ने नगर निगम में प्रदर्शन कर कमिश्नर को चेतावनी दी थी कि गर्मी बढ़ने के साथ पानी का संकट गंभीर हो सकता है। इसके बावजूद प्रशासन ने समय रहते कोई ठोस व्यवस्था नहीं की। अब पूरे शहर की जनता इसकी कीमत चुका रही है।नगर निगम अध्यक्ष सोनू मांगो ने कहा कि शहर की जनता कई दिनों से पानी की समस्या  से जूझ रही है, लेकिन महापौर केवल फोटो खिंचवाने के लिए डेम पहुंच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों का पूरा ध्यान प्रचार पर है, जबकि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।
कमलनाथ के 'लापता' पोस्टर पर कांग्रेस का पलटवार
पूर्व मुख्यमंत्री और छिंदवाड़ा विधायक कमलनाथ को लेकर लगाए गए 'लापता' पोस्टरों पर भी कांग्रेस नेताओं ने जवाब दिया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता गंगाप्रसाद तिवारी ने कहा कि कमलनाथ भले ही शारीरिक रूप से हर समय छिंदवाड़ा में मौजूद नहीं रहते हों, लेकिन उनका दिल और दिमाग हमेशा छिंदवाड़ा की जनता के साथ रहता है। उन्होंने कहा कि कोविड काल में जब पूरा देश संकट से गुजर रहा था, तब छिंदवाड़ा की जनता को ऑक्सीजन सिलेंडर और रेमडेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध कराने में कमलनाथ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह के पोस्टर लगाना उचित नहीं है।
सांसद की पदयात्रा पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस ने सांसद की पदयात्रा पर भी सवाल उठाए। गंगाप्रसाद तिवारी ने कहा कि जब जनता पानी जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, तब सांसद पदयात्रा में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि जनता को राहत दिलाने के बजाय केवल राजनीतिक गतिविधियों पर ध्यान दिया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और भी उग्र किया जाएगा।