मंत्री बोले- ये बच्चों का कार्यक्रम, पहले उनको खाना परोसिए:भोजन कक्ष में नेताओं की मौजूदगी पर राकेश सिंह नाराज, स्कूल स्टाफ को डांटा
छिंदवाड़ा।
छिंदवाड़ा के एक स्कूल में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रभारी मंत्री राकेश सिंह खासे नाराज हो गए। उन्होंने मध्याह्न भोजन के दौरान अव्यवस्थाओं पर असंतोष जताया। स्कूल स्टाफ को नसीहत दे डाली। मामला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खजरी का है। लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह यहां ध्वजारोहण करने पहुंचे थे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद स्कूल की तरफ से भोजन की व्यवस्था भी थी। भोजन कक्ष में बच्चों की जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड़ देखकर मंत्री ने आपत्ति जताई। कहा- यह कार्यक्रम बच्चों के लिए है, नेताओं के लिए नहीं। स्थिति एक बार फिर उस वक्त असहज हो गई, जब बच्चों से पहले मंत्री को भोजन परोसने की तैयारी कर ली गई। इस पर मंत्री राकेश सिंह ने कहा- हम बच्चों के कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं। पहले बच्चों को भोजन दीजिए।
कार्यकर्ताओं को अगली लाइन में भेजा
दरअसल, भोजन कक्ष में भाजपा नेता और कार्यकर्ता बैठ गए थे। गिने-चुने बच्चे ही मौजूद थे। मंत्री राकेश चौधरी ने यह देखकर स्कूल स्टाफ को समझाइश दी। कार्यकर्ताओं को अगली लाइन में बैठने के लिए कहा। इसके बावजूद मंत्री के आसपास केवल दो ही स्टूडेंट बैठे नजर आए। बाकी जगहों पर भाजपा जिला अध्यक्ष शेष राव यादव, कलेक्टर हरेंद्र नारायण, महापौर विक्रम अहके और भारिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दिनेश अंगारिया बैठे थे। बाकी जगहों पर भी बच्चों की जगह नेता और कार्यकर्ता थालियां लेकर बैठ गए थे।

नए स्मार्टफोन नथिंग फोन (4ए) की है आकर्षक डिजाइन