छिंदवाडा। 
जनस्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को परखने पहुंचे कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने गुरुवार को हर्रई सिविल अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया। कलेक्टर सीधे वार्ड, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, प्रसूति कक्ष और लैब में पहुंचे और हर व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
अस्पताल में गंदगी देख कलेक्टर नाराज
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की गंदी हालत देखकर कलेक्टर भड़क उठे। उन्होंने साफ कहा कि अस्पताल में स्वच्छता को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने स्टाफ को चेतावनी दी कि मरीजों को साफ-सुथरा माहौल और बेहतर उपचार देना प्रशासन की प्राथमिकता है।
डॉक्टर को फटकार — संविदा में हो, लापरवाही नहीं चलेगी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर उस डॉक्टर के पास भी पहुंचे, जिनके खिलाफ पहले से शिकायतें थीं और नोटिस जारी किया जा चुका है। कलेक्टर ने मौके पर ही डॉक्टर को फटकार लगाते हुए कहा कि संविदा में काम कर रहे हो, जहां ड्यूटी लगती है समय पर रहो। लापरवाही करोगे तो नौकरी चली जाएगी। किसी भी तरह का बहाना अब नहीं चलेगा।
CMHO पर भी बरसे कलेक्टर
कलेक्टर ने जिले के CMHO नरेश गुन्नाडे की भी क्लास लगा दी। कलेक्टर ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि जिस डॉक्टर पर नोटिस जारी हुआ है, आपको उसकी जानकारी तक नहीं। नोटिस मेरी टेबल पर आ रहे हैं और आप अनजान हैं। इनके चक्कर में आप मत निपट जाना, CMHO साहब।
तुरंत सुधार के निर्देश
कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को साफ निर्देश दिए कि साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में तुरंत सुधार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली जांच में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।