छिंदवाड़ा।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ के नाम के ऊपर छिंदवाड़ा के सांसद बंटी विवेक साहू और भाजपा नेताओं का पोस्टर लगा देख कांग्रेस कार्यकर्ता आग बबूला हो गए, जिसके बाद रेलवे स्टेशन के पास पिलर में लगे शिलालेख (उद्घाटन पत्थर) की धुलाई करना शुरू कर दिया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ऐसा करता देख यात्रियों ने पूछा तो पता चला कि यह ओवरब्रिज का उद्घाटन पत्थर है जिसमें उनके नेता कमलनाथ और ऑस्कर फर्नांडिस का नाम लिखा है, इसलिए इसकी सफाई कर रहे हैं.
कमलनाथ के विकास कार्यों को छिपाने की कोशिश
छिंदवाड़ा के चार फाटक से लेकर रेलवे स्टेशन तक ओवर ब्रिज का का निर्माण केंद्र में कांग्रेस की सरकार के दौरान हुआ था. इसका लोकार्पण तत्कालीन केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस और शहरी विकास मंत्री रहते हुए कमलनाथ ने किया था, लेकिन इस पत्थर के ऊपर सफेद कलर लगाकर पोस्टर चस्पा कर दिए गए थे. जिसके चलते कांग्रेसी नेताओं ने इसकी साफ सफाई की. नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पप्पू यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि "नगर निगम कमलनाथ द्वारा किए गए विकास कामों को छिपाने का प्रयास कर रहा है, इसलिए हम लोगों ने शिलालेख की सफाई की है ताकि जनता को हकीकत पता चल सके."
विश्व पटल पर चमक रहा छिंदवाड़ा का विकास
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ का काम सिर्फ छिंदवाड़ा ही नहीं बल्कि विश्व पटल पर चमक रहा है. निगम विकास कामों को धूमिल करने की कोशिश न करे. कांग्रेस का प्रत्येक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जागरूक जनता जानती है कि भाजपा नाम बदलने या फिर कामों का श्रेय लेने में माहिर है. कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा शासित निगम को अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगा."
निष्पक्ष जांच का आश्वासन
नगर निगम महापौर विक्रम आंखों ने बताया कि "शिलालेख में किसके द्वारा सफेद कलर लगाया गया है यह मेरी जानकारी में नहीं है, लेकिन अगर ऐसा किया गया है तो इसकी जांच कराई जाएगी, ताकि हकीकत सामने आ सके. कांग्रेस बेवजह आरोप लगा रही है."