छिन्दवाड़ा।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व छिन्दवाड़ा से विधायक कमलनाथ ने मोहन सरकार से खास डिमांड कर दी है. उन्होंने कहा है कि उनके मुख्यमंत्री रहते हुए छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र के लिए जिन योजनाओं और विकास कामों का प्लान किया गया था, उन योजनाओं व परियोजनाओं को मध्य प्रदेश सरकार अपने 'विजन डॉक्यूमेंट' में शामिल करे.
छिन्दवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के लिए दिया जाए बजट
कमलनाथ ने सरकार को याद दिलाते हुए कहा कि उनकी सरकार के दौरान मंत्री मंडल में लिए गए निर्णय के अनुसाद 1560 करोड़ रुपए की लागत से छिन्दवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस का निर्माण होना था, किन्तु शासन द्वारा कटौती की गई, जिससे सुपर स्पेशलिटी व कॉर्डियक सेंटर सहित अन्य यूनिटों का निर्माण नहीं हुआ है. उन्होंने मांग रखी की पुन: 1560 करोड़ का बजट स्वीकृत किया जाए.
एग्रीकल्चर कॉलेज के लिए मिले मंजूरी
कमलनाथ सरकार के मंत्री मंडल में स्वीकृत एग्रीकल्चर कॉलेज आज तक प्रारंभ नहीं हो पाया है. इसे भी तत्काल प्रारंभ करने की मांग कमलनाथ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर की. उन्होंने कहा कि हॉर्टिकल्चर कॉलेज व एग्रीकल्चर कॉलेज भवन निर्माण के लिए आवंटित भूमि पर निर्माण की मंजूरी प्रदान की जाए.
जल्द हो एयरपोर्ट का निर्माण
तत्तकालीन कमलनाथ सरकार के मंत्री मंडल में निर्णय लिया गया था कि मोहखेड़ ब्लॉक के ग्राम तिकाड़ी में एयरपोर्ट का निर्माण किया जाएगा, जिससे विमानों का आवागमन प्रारंभ हो सके. निर्माण के लिए सर्वे सहित अन्य प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं हुआ. इसे भी जल्द शुरू करने की मांग की गई.
संभाग बनाए जाने की मांग
मप्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा छिन्दवाड़ा आगमन पर अनेकों बार छिन्दवाड़ा को राजस्व संभाग बनाने की घोषणा की गई, किन्तु इस पर निर्णय नहीं लिया गया. छिन्दवाड़ा, सिवनी, बालाघाट व पांढुर्णा जिलों को सम्मिलित कर छिन्दवाड़ा को संभाग बनाए जाने की मांग भी कमलनाथ ने मोहन सरकार से की.