भोपाल,सबकी खबर। 
दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मध्य प्रदेश से एक महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं खजुराहो से सांसद वीडी शर्मा की पत्नी स्तुति मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने और उनसे संवाद करने की अपील की है। स्तुति मिश्रा ने अपने पोस्ट में लिखा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में टकराव के बजाय समन्वय और संवाद का रास्ता अपनाया जाना चाहिए।
क्षमा मांगने से कोई छोटा नहीं होता...
अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि बड़े पदों पर बैठे लोगों को जिद नहीं करनी चाहिए और यदि कहीं कोई गलती हुई है तो क्षमा मांगने से कोई छोटा नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई जिम्मेदारी तय होती है तो उसके लिए उत्तरदायी लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन साथ ही छात्रों की मांगों को सुनना और उनके साथ न्याय करना भी आवश्यक है। स्तुति मिश्रा ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि हर बच्चे को प्रेम, सहानुभूति और संवेदनशील व्यवहार की आवश्यकता होती है तथा युवाओं के साथ संवाद सम्मान और विश्वास के साथ होना चाहिए।
पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल
उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। कई यूजर्स उनके विचारों का समर्थन कर रहे हैं, जबकि अन्य लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। गौरतलब है कि स्तुति मिश्रा शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी रही हैं। ऐसे में उनके इस बयान को कई लोग छात्रों के प्रति उनकी संवेदनशीलता से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, इस विषय पर भारतीय जनता पार्टी या सांसद वीडी शर्मा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।