भोपाल।
मध्य प्रदेश विधानसभा में यूसीसी बिल पेश हो गया है। इसके बाद रात में बीजेपी विधायक दल की बैठक हुई है। बैठक से निकलने के बाद बीजेपी के फायर ब्रांड विधायक रामेश्वर शर्मा ने विरोध कर रहे लोगों पर जमकर हमला किया है। साथ ही उन्होंने शहर काजी को भी खूब सुनाया है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से आदिवासी विरोधी है।
मुस्लिम तुष्टिकरण करती है
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से मुस्लिम तुष्टिकरण करती है। शाह बानो प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आया। जब मुसलमानों ने इसका विरोध किया तो राजीव गांधी खुद उस समय प्रधानमंत्री थे। उन्होंने लोकसभा के जरिए सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को परिवर्तित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश का विभाजन स्वीकार कर लिया लेकिन मुसलमानों का तुष्टिकरण सिर पर रखा है। उन्होंने कहा कि इस अपराध में पाप की भागी कांग्रेस है।
आदिवासी विरोधी है कांग्रेस
बीजेपी विधायक ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि किसी भी कीमत पर आदिवासी प्रगति नहीं करें। आदिवासी जंगलों में रहता है। कांग्रेस ने आदिवासियों का विकास नहीं किया है। आदिवासी धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
मुसलमानों की आबादी बढ़ गई
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि देश विभाजन के समय सात करोड़ मुसलमान थे। पूरे देश में आज लगभग 40 करोड़ से अधिक मुसलमान आ गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर काजी साहब ये जो 40 करोड़ मुसलमानों की आबादी बढ़ी है। ये हिंदुस्तान में रहने के लिए मकानों का संकट खड़ा कर देगी। आने वाले दिनों में स्कूल-कॉलेज और अस्पताल, सभी चीजों की परेशानी शुरू हो जाएगी।
सभी लोगों से एक ही प्रार्थना
उन्होंने कहा कि मैं काजी साहब, मौलवी साहब और अन्य लोगों से एक ही प्रार्थना करता हूं कि सभी लोग कान खोलकर सुन लीजिए। बाबा साहब अंबेडकर भी चाहते थे कि देश में एक विधान और एक कानून सभी नागरिकों पर लागू हो। हम उनकी मंशा अनुसार इस कानून को लाए हैं।
चार शादी करोगे तो जेल में ही रहना होगा
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मैं सभी लोगों से प्रार्थना करता हूं कि अब दो शादी मत करना नहीं तो जेल जाना होगा। उन्होंने कहा कि चार शादी करोगे तो जेल में ही सड़ना होगा। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हलाला जैसा अपराध अब हिंदुस्तान में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस चाहती है कि मुस्लिम बहन-बेटियों के साथ हलाला जैसा अपराध हो। मौलवियों कान खोलकर सुन लो कि हिंदुस्तान में हलाला जैसा अपराध नहीं चलेगा। यह मध्य प्रदेश में बर्दाश्त नहीं होगा।