भोपाल। 
राजधानी भोपाल में पीटीआरआई में पदस्थ एआईजी राजेश कुमार मिश्रा के खिलाफ दुष्कर्म के आरोपों की जांच अब श्यामला हिल्स पुलिस नए सिरे से आगे बढ़ाएगी। पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को थाने आई पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि पहली बार श्यामला हिल्स क्षेत्र के एक हैरिटेज होटल में शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया था।
इसी वजह से मामले की जांच की शुरुआत उसी होटल और उससे जुड़े साक्ष्यों से की जाए और केस भी संबंधित थाने में ही दर्ज किया जाए। श्यामला हिल्स थाने के एसआई घूमेंद्र सिंह ने बताया कि विरिष्ठ अधिकारियों के आदेश अनुसार शिकायत आवेदन रिसीव किया है। मामले की जांच की जाएगी और जांच में आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
ऐसे साक्ष्य जुटाएगी पुलिस
अब पुलिस घटनास्थल, होटल रिकॉर्ड, दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य के आधार पर जांच को आगे बढ़ाएगी। जांच के दौरान होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जा सकते हैं। इसके अलावा पीड़िता और एआईजी के मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है।
आईपीएस रिवर्ट लिस्ट से पहले पहुंची थी थाने
गौरतलब है कि शुक्रवार को सात एसपीएस अधिकारियों को आईपीएस में रिवर्ट किया गया, लेकिन गंभीर आरोपों के कारण राजेश मिश्रा का नाम सूची में शामिल नहीं किया गया। इसी दिन पीड़िता अपने वकील के साथ श्यामला हिल्स थाने पहुंची थी और शिकायत देकर एफआईआर की मांग की थी।
विभागीय जांच पहले ही हो चुकी है
मामले में विभागीय जांच रिपोर्ट पहले ही अधिकारी और पीड़िता के जयपुर, भोपाल, दिल्ली और मुंबई के होटलों में साथ ठहरने की पुष्टि कर चुकी है। रिपोर्ट में होटल बिल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों का उल्लेख है। हालांकि अब पुलिस इन सभी तथ्यों का स्वतंत्र सत्यापन करेगी और आपराधिक जांच के तहत नए सिरे से साक्ष्य जुटाएगी।
अब जांच के केंद्र में ये सवाल

  • होटल के रिकॉर्ड और सीसीटीवी क्या बताते हैं?
  • दोनों की लोकेशन और कॉल डिटेल क्या कहती हैं?
  • विभागीय जांच में मिले साक्ष्य आपराधिक जांच में कितने मजबूत साबित होंगे?