भोपाल। 
आगर-मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक भैरोंसिंह परिहार ने अपनी ही पार्टी के प्रदेश नेतृत्व और संगठन के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को नलखेड़ा में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान विधायक ने मंच से जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने प्रदेश स्तर के कुछ नेताओं पर 'दलाली' करने और कांग्रेस को कमजोर करने के गंभीर आरोप लगाए। विधायक ने यहां तक कह दिया कि अगर संगठन का कोई नेता बिना बताए उनके क्षेत्र में आया, तो उसका मुंह काला करके बाहर निकाला जाएगा।
बैठक से विधायक गायब, गद्दारों को तरजीह देने का आरोप
विधायक परिहार इस बात से नाराज थे कि उनके खुद के विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक और नगर कार्यकारिणी की बैठकें हो रही हैं, लेकिन मौजूदा विधायक होने के बाद भी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। इतना ही नहीं, कार्यक्रम के पोस्टरों से भी उनकी तस्वीर गायब थी। विधायक ने आरोप लगाया कि साल 2023 के चुनाव में जिन लोगों ने कांग्रेस के खिलाफ काम किया और गद्दारी की, भोपाल और आगर के बड़े नेता आज उन्हीं लोगों को गाड़ियों में भर-भरकर बैठकों में ला रहे हैं।
जीतू पटवारी दौड़ रहे, लेकिन भोपाल में बैठे नेता नहीं बनने दे रहे सरकार
अपने आक्रामक भाषण में विधायक परिहार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का बचाव किया, लेकिन भोपाल में बैठे बड़े नेताओं को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष जी भले ही दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन भोपाल में बैठे कुछ नेता प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनने दे रहे हैं, जबकि सूबे की जनता बदलाव चाहती है।
'सच बोलना बुरा लगे तो कर दें कार्रवाई, कार्यकर्ताओं का अपमान नहीं सहूंगा'
मंच से बरसते हुए विधायक परिहार ने कहा कि वे जो कुछ बोल रहे हैं, वह सच है। अगर पार्टी को उनका सच बोलना बुरा लगता है, तो संगठन उनके खिलाफ जो चाहे कार्रवाई कर सकता है, वे हर आदेश मानेंगे। लेकिन, वे अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं करेंगे। विधायक के इस तीखे बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद उनके समर्थकों ने 'बापू तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं' के नारे भी लगाए। इस घटना के बाद से जिले से लेकर भोपाल तक कांग्रेस की अंदरूनी कलह एक बार फिर चौराहे पर आ गई है।