भोपाल। 
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मध्यप्रदेश में एथेनॉल उत्पादन के नाम पर सरकारी चावल के कथित घोटाले को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। खड़गे ने कहा कि मध्यप्रदेश आज भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और लूट का केंद्र और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है। उन्होंने करीब ₹1200 करोड़ के चावल घोटाले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के पोषण के लिए इस्तेमाल होने वाले चावल को मुनाफे के खेल में घुमाया गया।
खड़गे बोले- एक घोटाला खत्म नहीं होता, दूसरा सामने आ जाता है
खड़गे ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, 'मध्यप्रदेश आज भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और लूट का केंद्र और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है। एक घोटाला खत्म नहीं होता, दूसरा सामने आ जाता है।' उन्होंने कहा कि अब एथेनॉल के नाम पर ₹1200 करोड़ का चावल घोटाला सामने आया है। खड़गे ने आरोप लगाया कि जिस चावल का इस्तेमाल कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के पोषण के लिए होना था, उसी चावल को मुनाफे के खेल में घुमाया गया।
5 लाख मीट्रिक टन चावल को लेकर खड़गे ने उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 5 लाख मीट्रिक टन चावल को राइस मिलरों, एथेनॉल माफिया और भाजपा सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार के खेल का हिस्सा बना दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और सरकारी तंत्र की मिलीभगत से जनता के हक के अनाज पर डाका डाला जा रहा है। एक पड़ताल में सामने आया था कि सरकार करीब ₹4 हजार प्रति क्विंटल कीमत वाले चावल को एथेनॉल प्लांट्स को ₹2320 प्रति क्विंटल में दे रही थी। यह फोर्टिफाइड चावल था, जिसमें विटामिन और मिनरल्स मिलाए जाते हैं। इसका इस्तेमाल एनीमिया और कुपोषण से बचाव के लिए किया जाता है।
उज्जैन की जमीनों का मामला भी उठाया
खड़गे ने चावल के मामले के साथ उज्जैन में जमीनों से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हीं इलाकों में जमीनों का विस्तार हुआ, जहां सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और हाईवे कॉरिडोर प्रस्तावित थे। खड़गे ने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री पर भी सवाल खड़े हुए। उन्होंने कहा, ‘हर तरफ, हर विभाग में लूट और अपनी जेबें भरने का खेल, यही भाजपा की सत्ता की लूट की कहानी है।’