भोपाल 'दिशा' बैठक में भारी हंगामा: "आप किस हैसियत से बोल रहे..." कहकर बैठक से निकले कांग्रेस विधायक, जनपद अध्यक्ष से तीखी बहस
भोपाल।
भोपाल के बहुप्रतीक्षित मास्टर प्लान को लेकर शुक्रवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जमकर हंगामा हो गया। मास्टर प्लान लागू नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील ने बैठक की उपयोगिता पर सवाल खड़े किए। इस दौरान उनकी फंदा जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत से तीखी नोकझोंक हो गई। बैठक के दौरान एजेंडे पर चर्चा चल रही थी, तभी कांग्रेस विधायकों ने कहा कि जब तक भोपाल का मास्टर प्लान लागू नहीं होता, तब तक ऐसी बैठकों का कोई औचित्य नहीं है। इसी बीच उनके पास बैठे फंदा जनपद अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत ने हस्तक्षेप किया, जिस पर माहौल गर्मा गया। बैठक में भोजपाल वेटलैंड प्राधिकरण का प्रस्ताव पास किया गया।
आप किस हैसियत से बीच में बोल रहे हैं
बहस के दौरान विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील ने प्रमोद सिंह राजपूत से कहा, "आप किस हैसियत से बीच में बोल रहे हैं? हमारी बात सांसद जी से हो रही है।" इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि एक-दूसरे की ओर उंगली दिखाने पर विवाद और बढ़ गया।
करीब 10 मिनट तक बैठक का माहौल तनावपूर्ण बना रहा। कांग्रेस विधायकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि उनकी बात नहीं सुनी जानी है तो उन्हें बैठक में बुलाने का क्या औचित्य है। इसके बाद दोनों विधायक बैठक छोड़कर बाहर निकल गए।
सांसद ने रोकने की कोशिश की
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद ने दोनों विधायकों को रोकने और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और बैठक छोड़कर चले गए।
सांसद बोले- मास्टर प्लान जल्द लागू होना चाहिए
बैठक के बाद सांसद ने भी माना कि भोपाल के सुनियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान का जल्द लागू होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और मास्टर प्लान को जल्द लागू कराने का आग्रह करेंगे।

राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान