प्रतिमा बागरी जाति मामला: ढोल पिटवाने पर भड़के मंत्री, CM मोहन यादव से की अफसर को हटाने की मांग
भोपाल।
नगरीय विकास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी के जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मामले में गांव में ढोल पिटवाकर सूचना देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। राज्य सरकार के कई मंत्रियों ने इस पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह से संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मंत्रियों का कहना है कि जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों की जांच के लिए स्क्रीनिंग कमेटी अपना काम कर रही है, लेकिन सुनवाई से पहले बागरी के पैतृक गांव और ससुराल वाले गांव में ढोल पिटवाकर लोगों से उनकी जाति के संबंध में जानकारी मांगना उचित नहीं था। बताया गया कि इस मुद्दे को लेकर मंत्री गौतम टेटवाल, लखन पटेल, दिलीप अहिरवार और प्रतिमा बागरी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पहले भी कई जाति प्रमाण पत्र मामलों की जांच हुई है, लेकिन इस तरह ढोल पिटवाकर सूचना देने की परंपरा कभी नहीं रही। मंत्रियों ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई जनजातीय कार्य विभाग के अधीन जनजातीय अनुसंधान संस्थान (टीआरआई) के एक अधिकारी के निर्देश पर कराई गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने मंत्रियों को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी और यदि किसी स्तर पर अनुचित कार्रवाई हुई है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बता दें कि कांग्रेस नेता प्रदीप अहिरवार की शिकायत के बाद 6 जुलाई को स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रतिमा बागरी के जाति प्रमाण पत्र मामले की सुनवाई की थी। सुनवाई से पहले ढोल पिटवाकर सूचना देने की प्रक्रिया को लेकर अब सरकार के भीतर भी सवाल उठ रहे हैं। मंत्रियों का कहना है कि इस तरह के आदेश देने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान