भोपाल। 
कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने बुधवार को कहा कि भाजपा ने पुजारियों के साथ मिलकर हर मंदिर को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। उन्होंने कहा कि चंपत राय जिस दिन पैदा हुए होंगे, उस दिन किसी पंडित ने उनकी कुंडली देखकर कहा होगा कि यह व्यक्ति कोई बड़ा चमत्कार जरूर करेगा। इसलिए करोड़ों-अरबों रुपए की राशि लेकर वे ‘चंपत’ हो गए।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि राम मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम में चारों शंकराचार्यों को नहीं बुलाया गया, जबकि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को धर्म का थोड़ा भी ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बड़े-बड़े घोटाले चर्चा में हैं, लेकिन इन मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी का एक शब्द भी नहीं निकलता। इससे अच्छे तो मनमोहन सिंह थे। नरेंद्र मोदी असली ‘मोनी बाबा’ हैं और चोरों के सरताज बने बैठे हैं। ये सभी बातें कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहीं।
राम मंदिर चंदा चोरी की CBI जांच हो
कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कथावाचक ऋचा गोस्वामी ने कहा कि यदि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के समय कांग्रेस की सरकार होती, तो वही राम मंदिर का निर्माण कराती। उन्होंने कहा कि 2024 में राम मंदिर बना और 2026 में मंदिर के दान से जुड़े 5 हजार करोड़ रुपए की कथित चोरी का मामला सामने आया। गोस्वामी ने इस पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि देश के सभी मंदिरों में राजनीतिक दखल बंद किया जाना चाहिए।