भोपाल। 
मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बुधवार को अवैध खनन के मामले में कलेक्टरों की जमकर क्लास ली। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर पुलिस और प्रशासन का आखिर खौफ क्यों नहीं है? ऐसे कैसे कोई भी व्यक्ति ट्रैक्टर या बाइक चढ़ा देने की हिम्मत कर सकता है। कलेक्टर-एसपी की जिम्मेदारी है कि ऐसा करने वाले ड्राइवरों के मालिकों पर सख्त एक्शन लें, ताकि ऐसी घटनाएं फिर न हों और सुशासन का संदेश जाए। सीएस जैन की यह नाराजगी वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के एजेंडों पर किए जा रहे एक्शन की समीक्षा के दौरान सामने आई है। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि कानून व्यवस्था पर खास ध्यान देने की जरूरत है। अगले तीन साल में प्रदेश को नारकोटिक्स और ड्रग्स से मुक्त करने का काम करना है, इसलिए अधिकारी कैंपेन चलाकर इसके खिलाफ कार्यवाही करें।
मैहर और सिंगरौली सबसे प्रदूषित, जांच करें कलेक्टर
सीएस जैन ने कहा कि अभी गर्मी का मौसम है और सबसे अधिक प्रदूषण मैहर व सिंगरौली जिले में है। जब गर्मी में यह स्थिति है तो ठंड में तो और भी स्थिति बिगड़ेगी। मुख्य सचिव ने इन जिलों के कलेक्टरों से कहा-
जबलपुर-नरसिंहपुर को नरवाई जलाने पर फटकार
बैठक के दौरान नरवाई जलाने की घटनाओं को लेकर सीएस जैन ने जबलपुर और नरसिंहपुर कलेक्टर को फटकारा। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात नहीं है, इसमें कमी आने के बजाय ऐसे मामले बढ़े हैं। सीएस जैन ने कहा कि किसानों को हार्वेस्टर के बजाय सीडर से कटाई कराने के लिए प्रोत्साहित करें और जागरुकता के कार्य को भी बढ़ावा दें ताकि इसमें सुधार आए।
104 हैंडपंप निजी कब्जे में होने पर नाराजगी
बैठक में पेयजल की समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि प्रदेश में अलग-अलग जिलों में 104 हैंडपंप निजी लोगों के कब्जे में हैं। सीएस जैन ने इस बात पर नाराजगी जताई कि ऐसा कैसे हो सकता है कि कोई सरकारी हैंडपम्प को ही कब्जा कर ले। ऐसे मामलों में सख्त कार्यवाही होना चाहिए और पानी सभी को मिलना चाहिए। संबंधित कलेक्टर ऐसे मामले में जल्द कार्यवाही कर जानकारी देंगे। इसके अलावा शहरों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश भी सीएस जैन ने कलेक्टरों को दिए हैं।