भोपाल।
रसूखदार जज परिवार की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में अब तक का सबसे बड़ा सबूत सामने आया है। 12 मई को फंदे से लटकी मिली 31 वर्षीय ट्विशा और उसकी मां के बीच 7 मई को हुई व्हाट्सएप बातचीत सार्वजनिक हो गई है। यह चैट बयां करती है कि शादी के महज 5 महीने के भीतर ही नोएडा की रहने वाली ट्विशा का जीवन किस कदर नर्क बन चुका था। इन संदेशों में ट्विशा ने अपनी मां से गुहार लगाते हुए लिखा था, 'मेरी जिंदगी नर्क बन चुकी है। ये लोग बहुत क्रूर हैं। समर्थ मुझसे ठीक से बात तक नहीं करता। तुम यहां आओ और मुझे यहां से ले जाओ... ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे।'
सास ने लगाया नशेड़ी होने का आरोप
इधर, कोर्ट की कार्यवाही के दौरान आरोपी पति की मां और सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह ने खुद को बचाने के लिए दावा किया कि ट्विशा ड्रग एडिक्ट थी और उसे मूड स्विंग्स की बीमारी थी। इस पर ट्विशा की मां ने रोते हुए कहा, 'हमारी बेटी अब इस दुनिया में नहीं है, तो तुम उसके बारे में कुछ भी बोल दोगे?' परिवार का आरोप है कि रसूखदार सास अपनी पोजीशन का इस्तेमाल करके पुलिस की एसआईटी जांच को प्रभावित कर रही है, इसीलिए वे इस मामले को सुप्रीम कोर्ट ले जाना चाहते हैं।
गर्भवती बहू के चरित्र पर उठा रहे थे सवाल
इस लीक चैट का सबसे चौंकाने वाला और घिनौना पहलू यह है कि ट्विशा के चरित्र पर उसका वकील पति समर्थ सिंह सवाल उठा रहा था। चैट के मुताबिक ट्विशा दो महीने की गर्भवती थी और उसका पति उससे पूछता था कि 'ये बच्चा किसका है?' ट्विशा के चचेरे भाई आशीष शर्मा ने भी इस बात की पुष्टि की है कि समर्थ खुद ड्रग्स लेता था और जब ट्विशा ने इसका विरोध किया, तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।