नरसिंहपुर/भोपाल, सबकी खबर। 
कहते हैं कि पैसे की भूख इंसान का पूरा करियर बर्बाद कर देती है, और जब यह भूख किसी बेहद प्रतिभाशाली युवा अधिकारी को लग जाए, तो हड़कंप मचना तय है। मध्य प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में पदस्थ एसडीएम और साल 2022 की MPPSC टॉपर (थर्ड रैंक) पूजा सोनी पर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगे हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि महज दो महीने पहले ही पूजा सोनी का चयन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में 249वीं रैंक के साथ हुआ था। उनके घर पर आईएएस (IAS) बनने की बधाई देने वालों का तांता लगा था, कलेक्टर से लेकर विधायक तक उन्हें गुलदस्ते भेंट कर रहे थे। लेकिन आईएएस का आधिकारिक नियुक्ति पत्र आने से पहले ही उनके दफ्तर पर EOW (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) का चाबुक चल गया। पूरा मामला एक स्थानीय बिल्डर संजय राय की टीएनसीपी (TNCP) फाइल की एनओसी से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने के एवज में एसडीएम मैडम के इशारे पर उनके रीडर (बाबू) और प्यून ने रिश्वत की मांग की थी। बिल्डर का आरोप है कि एसडीएम मैडम के केबिन में ही जैसे ही ₹25,000 का लिफाफा देने की कोशिश की गई, मैडम ने चालाकी से इशारा करते हुए उसे बाबू की तरफ मोड़ दिया। सिर्फ इतना ही नहीं, पैसों के अलावा मैडम के वीआईपी दफ्तर की डेंटिंग-पेंटिंग और रेनोवेशन कराने का दबाव भी बिल्डर पर बनाया जा रहा था, जिसका पूरा ऑडियो-वीडियो सबूत शिकायतकर्ता ने रिकॉर्ड कर लिया। इसी पुख्ता सबूत के आधार पर EOW की टीम ने जाल बिछाकर एसडीएम के केबिन में ही उनके रीडर सौरभ यादव को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। साथ ही इस वसूली में मददगार बने प्यून सुनील पटेल को भी धर दबोचा। हालांकि, कार्रवाई के डर से मैडम ने ऐन वक्त पर खुद को बचाने के लिए कई पैंतरे बदले, लेकिन EOW के पास मौजूद वॉइस रिकॉर्डिंग और चश्मदीदों के बयान उनकी मुश्किलें बढ़ाने के लिए काफी हैं। पन्ना जिले के एक बेहद साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली पूजा सोनी, जिनके पिता की बर्तनों की दुकान है, उन्होंने अपनी मेहनत से जो साख बनाई थी, उसे चंद हजार रुपयों के लालच ने दागदार कर दिया है। अब यह पूरा मामला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव (CS) तक पहुंच चुका है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दागी हो चुकीं पूजा सोनी को भारत सरकार आईएएस (IAS) कैडर अलॉट करेगी, या फिर जॉइनिंग लेटर आने से पहले ही मैडम का पूरा करियर सलाखों के पीछे पहुंच जाएगा!