PM मोदी की अपील पर CM मोहन यादव का बड़ा फैसला: काफिले से हटाई गईं 5 गाड़ियाँ, अब 13 की जगह सिर्फ 8 वाहन
भोपाल।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचत की अपील के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य में नई कार्य संस्कृति अपनाने का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि अब उनके कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से केवल न्यूनतम आवश्यक वाहन ही शामिल होंगे और किसी भी प्रकार की वाहन रैली या अनावश्यक काफिला नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मध्य प्रदेश राष्ट्रहित में पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने बताया कि आने वाले आदेश तक उनके सभी सरकारी और आधिकारिक दौरों में सीमित वाहनों का ही उपयोग किया जाएगा।
मंत्रियों को दिए काफिला घटाने के निर्देश
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी मंत्री अपने भ्रमण के दौरान समय और संसाधनों का समुचित उपयोग करें तथा अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचें। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन में सादगी और अनुशासन को प्राथमिकता दी जाएगी।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के आह्वान पर मध्यप्रदेश राष्ट्रहित में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए संकल्पित है।
आगामी आदेश तक मेरे कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से न्यूनतम वाहन होंगे और भ्रमण के दौरान कोई वाहन रैली नहीं होगी। सभी मंत्रीगण भी यात्रा के समय न्यूनतम…
सादगी से पदभार ग्रहण करें
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में हाल ही में नियुक्त किए गए निगम और मंडल के पदाधिकारी भी सादगी के साथ अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। इससे सरकारी कार्यक्रमों में अनावश्यक दिखावे को कम करने और संसाधनों के बेहतर उपयोग का संदेश जाएगा।
जनता सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करे
सीएम ने प्रदेशवासियों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। सीएम ने अंत में लिखा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि हैं।
13 वाहनों के स्थान पर अब 8 वाहनों का रहेगा कारकेड,
मुख्यमंत्री मोहन यादव के भोपाल में स्थानीय भ्रमण के दौरान आगामी आदेश तक सुरक्षा काफिले (कारकेड) में 13 वाहनों के स्थान पर केवल 8 वाहन शामिल किए जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय प्रशासनिक पारदर्शिता, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सरकारी खर्च में मितव्ययिता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
पहले 13 वाहनों वाला था कारकेड
पूर्व व्यवस्था के अनुसार मुख्यमंत्री के काफिले में विभिन्न सुरक्षा और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए 13 वाहन शामिल रहते थे, जिनमें वार्नर, पायलट वाहन, मीडिया कार, सुरक्षा एस्कोर्ट ई-3 वाहन, काउंटर ऐसविट व्हीकल, एस्कोर्ट -ई-1, वीआईपी/ बीआर कार, एस्कोर्ट ई-2, एस्कोर्ट ई-4, स्पेयर वाहन, पार्टी कार प्ल्स-2, एम्बुलेंस और टेल कार समेत अन्य सुरक्षा इकाइयों के वाहन शामिल थे।
अब घटकर रहेंगे केवल 8 वाहन
नए आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के काफिले में अब निम्न 8 वाहन शामिल होंगे। इसमें पायलट वाहन, मीडिया कार, एस्कोर्ट वाहन-1 (E-1), व्हीआईपी, एस्कोर्ट वाहन-2 (E-2), स्पेयर वाहन (बी.आर. कार), एम्बुलेंस और टेल कार शामिल है।
कोई वाहन रैली आयोजित नहीं होगी
आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के भ्रमण के समय कोई वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी। सभी मंत्रीगण यात्रा के समय न्यूनतम वाहनों का प्रयोग करेंगे और नवनियुक्त निगम-मंडल के पदाधिकारी बगैर वाहन रैली के सादगी से कार्यभार ग्रहण करें।

बिहार कैबिनेट की पहली बैठक में 18 एजेंडों को मंजूरी, महंगाई भत्ते पर बड़ा फैसला
Berger Paints शेयर प्राइस में 9% की तेजी, निवेशकों में उत्साह
पेट, सांस और दिल की आवाजें बता सकती हैं आपकी हेल्थ का हाल
पेट में मरोड़ और ऐंठन की समस्या होने पर अजवाइन और काला नमक का घरेलू नुस्खा काफी राहत दे सकता है।
12वीं बोर्ड रिजल्ट: मानसा की सुपनीत कौर ने हासिल किया पहला स्थान