तिरुपति/भोपाल। 
राजनीति के अखाड़े में बड़े-बड़े दिग्गजों को चित करने वाले मध्य प्रदेश के कद्दावर मंत्री जब अपनों की खुशी में उतरते हैं, तो नजारा वाकई देखने लायक होता है। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल की शादी में कुछ ऐसा ही नजारा दिखा, जहां प्रोटोकॉल और पद की गरिमा किनारे रही और सिर्फ 'यारी-दोस्ती' का जश्न नजर आया।
कैलाश विजयवर्गीय का 'नोटों वाला स्वैग'
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। वीडियो में मध्य प्रदेश के सबसे वरिष्ठ और लंबे कद के मंत्री प्रहलाद पटेल खुशी से झूमते नजर आ रहे हैं। लेकिन महफिल तो तब लूट ली गई जब प्रदेश के एक और कद्दावर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय उनके पीछे 'न्योछावर' करने पहुंच गए। कैलाश विजयवर्गीय के हाथ में 50 और 100 के नोटों की गड्डियां थीं और वे बारात के दौरान लगातार प्रहलाद पटेल पर नोटों की बारिश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पूरी बारात के दौरान कैलाश जी नोटों की गड्डी थामे 'कैशियर' की भूमिका में नजर आए और अपने मित्र की खुशी में जमकर पैसे लुटाए।
शिवराज की बारात वाली यादें हुईं ताजा
यह पहली बार नहीं है जब कैलाश विजयवर्गीय का यह बेबाक और खुशमिजाज अंदाज दिखा हो। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय की बारात में भी विजयवर्गीय ने इसी तरह खुद डांस किया था और जमकर न्योछावर की थी। राजनीति के गलियारों में चर्चा है कि कैलाश जिसे अपना मित्र मान लेते हैं, उसकी खुशी में वे सारे बंधन तोड़कर शामिल होते हैं।
दिग्गजों का जमावड़ा, पर डांस सिर्फ 'यारों' का
प्रबल पटेल की इस शादी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। हालांकि, मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शालीनता के साथ कार्यक्रम में नजर आए, लेकिन असली महफिल तो प्रहलाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय की 'जुगलबंदी' ने ही लूटी।