'नया भारत' दुश्मनों को निपटना जानता है: सोमनाथ यात्रा को रवाना कर मुख्यमंत्री का विरोधियों को करारा जवाब
भोपाल।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए को गोली मारने की घटना की निंदा करते हुए गुरुवार को कहा कि चुनाव में हार-जीत चलती रहती है। केवल चुनाव हार जाने के कारण हिंसा पर उतर आना गलत है। जनता ने इसी वजह से आपको घर बैठाया है। राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। इसके पहले मुख्यमंत्री ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म-एक से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर 'सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा' को रवाना किया। पहली बार आयोजित की जा रही इस यात्रा में 1100 श्रद्धालु जा रहे हैं। संस्कृति विभाग यह गौरवशाली यात्रा 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के अंतर्गत निकाल रहा है। कार्यक्रम में विधायक रामेश्वरम शर्मा, भगवान दास सबनानी, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी भी शामिल थे।
तो करारा जवाब मिलेगा
उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर देश के दुश्मनों को यह संदेश देना चाहते हैं कि भारत की ओर कोई भी विदेशी ताकत बुरी नजर डालेगी, तो उसे करारा जवाब मिलेगा। यह नया भारत है, जो अपने दुश्मनों से निपटना अच्छी तरह जानता है। हाल ही में हुए हमले का भी देश ने मजबूती से जवाब दिया है।
सुविधाएं बढ़ीं तो बढ़ गए श्रद्धालु
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या का जिक्र करते हुए कहा कि देवलोक बनने से बदल जाती है अर्थव्यवस्था। उन्होंने कहा 2022 से पहले उज्जैन में रोजाना सिर्फ 25 से 30 हजार श्रद्धालु आते थे, लेकिन अब प्रतिदिन डेढ़ लाख से ज्यादा लोग बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सोमनाथ मंदिर पर इतिहास में 17 बार आक्रमण हुए, लेकिन आज भी हजार साल बाद सोमनाथ मंदिर पूरी भव्यता के साथ खड़ा है और आस्था का प्रतीक बना हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि मध्यप्रदेश सरकार निरंतर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हमने राज्य में हेली सेवा प्रारंभ की, जिससे धार्मिक स्थलों तक पहुंच और अधिक सरल हुई है। इसी क्रम में अब रेलवे के माध्यम से "सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा 2026" की शुरुआत की गई है। हमारी सरकार सनातन संस्कृति के संरक्षण और उत्थान के लिए योजनाबद्ध तरीके से लगातार आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी भगवान सोमनाथ का आशीर्वाद लेने जा रहे हैं। आज दुनिया अलग दौर में पहुंच चुकी है, लेकिन भारतीय संस्कृति हमेशा ‘जियो और जीने दो’ का संदेश देती है। यह पूरी मानवता के कल्याण की संस्कृति है। महादेव के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और वैभव बना रहे। उन्होंने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान भगवान की भक्ति का पूरा आनंद लें और सत्संग में भी हिस्सा लें।
इसलिए निकाली जा रही यात्रा
भारत की सांस्कृतिक चेतना, आस्था और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–2026 (8 से 11 जनवरी 2026) का शुभारंभ ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर से किया गया। इसमें प्रदेश के लोग भी शामिल हो रहे हैं।
यह पहली यात्रा
प्रदेश से पहली बार निकलने वाली इस विशेष यात्रा में विभिन्न अंचलों से 1100 श्रद्धालुओं का दल शामिल हैं। यह ट्रेन भोपाल और उज्जैन रेलवे स्टेशनों से भी तीर्थयात्रियों को अपने साथ लेकर सोमनाथ जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु सोमनाथ की पावन धरा पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, दर्शन और आध्यात्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करेंगे।

Morena में कांग्रेस का प्रदर्शन, दिल्ली-मुंबई हाईवे पर जाम
उम्रकैद काट चुके युवक और मुस्लिम महिला जेलर की शादी बनी चर्चा का विषय
David Warner से जुड़े मामले की अगली सुनवाई 24 जून को
पैरों में सूजन की सबसे आम वजह ‘फ्लूड रिटेंशन’
स्वस्थ शरीर के लिए करें अंकुरित काले चनों का सेवन
अक्सर वायरल संक्रमण के कारण होता है हेपेटाइटिस 