भोपाल। 
मध्य प्रदेश में कांग्रेस आज बड़ा आंदोलन कर रही है। पार्टी एमपी से गुजरने वाले आगरा-मुंबई NH 52 पर चक्काजाम कर रही है। यह चक्काजाम नेशनल हाईवे के 7 अलग-अलग स्थानों पर हो रहा है। इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बायपास पर लगाया डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लगाया है। वहीं, उज्जैन के कांग्रेस कार्यकर्ता सामाजिक न्याय परिसर से मक्सी के पास हाईवे पर प्रदर्शन के लिए निकले हैं। तराना विधायक महेश परमार ने कहा कि तराना के आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान भी जाम में शामिल होंगे। उज्जैन से 150 वाहनों का काफिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में रवाना हुआ। इसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं। शाजापुर जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर रोजवास टोल प्लाजा पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बुधवार सुबह से जिलेभर के पुलिस जवान और अधिकारी लालघाटी स्थित बापू की कुटिया के पास जमा हैं।
गुना- चक्काजाम में फंसी शादी की बस, कार्यक्रम लेट
गुना में कांग्रेस के चक्काजाम के कारण शादी समारोह में जा रही एक बस जाम में फंस गई। आज रात लड़की की बारात आनी है, जबकि दिन में मेहंदी, फलदान सहित अन्य कार्यक्रम होने हैं। लड़की का परिवार जाम में फंसने से कार्यक्रम लेट हो रहे हैं। शिवपुरी की आरती अग्रवाल की शादी रूठियाई के संस्कार अग्रवाल से होनी है।
रोजवास टोल प्लाजा पहुंचे पटवारी और चौधरी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रभारी हरीश चौधरी रोजवास टोल प्लाजा पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि यह तो अभी “ट्रेलर” है। किसानों के साथ अत्याचार किया जा रहा है और उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की आवाज उठाने की जरूरत पड़ी तो इससे भी बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।