भोपाल। 
मध्य प्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी लक्ष्मी गामड़ को एक ऐसे असिस्टेंट की तलाश है जो उनके इशारे पर जरूरत के हिसाब से सामने वाले को दो चमाट रसीद कर सके। गामड़ ने सोशल मीडिया पर इसकी वैकेंसी ओपन बताते हुए संपर्क करने के लिए कहा है।गामड़ की इस पोस्ट पर मिले जुले कमेंट्स भी आए हैं। कुछ यूजर्स ने कहा है कि उन्हें प्रशासनिक पद पर रहने के दौरान ऐसे बयान से बचना चाहिए। कई यूजर्स ने खुद को इसके लिए योग्य बताते हुए कहा है कि वे बताएं कि कब से जॉइन करना है। नीमच में अपर कलेक्टर रह चुकीं राज्य प्रशासनिक सेवा की यह अधिकारी वर्तमान में एमपी गवर्नमेंट प्रेस में अपर नियंत्रक के पद पर पदस्थ हैं।
आवश्यकता है एक असिस्टेंट की
गामड़ ने फेसबुक पर बनाए अपने अकाउंट में शुक्रवार को लिखा है कि आवश्यकता है एक असिस्टेंट की, जो मेरी तरफ से जब भी जरूरत लगे तो सामने वाले को जाकर दो चमाट रसीद कर सके। वैकेंसी ओपन…. योग्यता मिलकर बताई जाएगी।
पोस्ट पर सवा सौ से अधिक कमेट्स
फेसबुक पर गानों की और अन्य अलग-अलग तरह की रील बनाकर चर्चा में रहने वालीं राज्य प्रशासनिक सेवा की इस अधिकारी की पोस्ट के मायने निकाले जा रहे हैं। गामड़ की इस पोस्ट पर सवा सौ से अधिक कमेंट्स आ चुके हैं।
ऐसी पोस्ट करेंगे तो कैसे चलेगा
रवि सोनी नाम के यूजर ने लिखा है कि हम बिना किसी सैलरी के जो भी काम आप बताएंगे, वह कर देंगे। बस रेप्टा हमारे हिसाब से सामने वाले की योग्यता के अनुसार कम ज्यादा कर देंगे। प्रभात जोहर नाम के यूजर ने लिखा है कि वह बिना सैलरी के तैयार है। बस कोर्ट कचहरी मैडम को देखना है। इसी तरह कई अन्य यूजर्स ने भी सहमति दी है। एक अन्य यूजर साजी वर्गीस ने लिखा है कि गामड़ मैडम वरिष्ठ अधिकारी हैं और जवाबदेह पद पर हैं। आपका काम शांत और सौहार्द्र बनाना है। आप ही ऐसी पोस्ट करेंगे तो कैसे चलेगा। इसलिए गुस्सा छोड़ें।