भोपाल।
राजनीति के मंचों पर अक्सर गंभीर चर्चाएं होती हैं, लेकिन कभी-कभी नेताओं की 'जुबान फिसलना' माहौल को खुशनुमा बना देता है। राजधानी भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना एक के बाद एक कई 'जुबानी चूक' कर बैठे। उनकी इन गलतियों ने न केवल मंच पर बैठे दिग्गजों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया, बल्कि अब यह चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
मोहन यादव बने 'देश के मुख्यमंत्री'
संबोधन के दौरान उत्साह में आए कृषि मंत्री कंसाना ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का परिचय देते हुए उन्हें ‘देश का मुख्यमंत्री’ बता दिया। जबकि डॉ. यादव मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। जैसे ही मंत्री जी के मुंह से यह शब्द निकले, वहां मौजूद लोग दंग रह गए। खुद मुख्यमंत्री भी अपनी इस नई 'पदवी' को सुनकर अपनी मुस्कुराहट नहीं रोक पाए।
पशुपालन मंत्री को बना दिया 'राम लखन'
मंत्री जी की चूक का सिलसिला यहीं नहीं रुका। जब उन्होंने अपने साथी और पशुपालन मंत्री लखन पटेल का नाम लिया, तो उसमें अपनी ओर से 'राम' जोड़ दिया। उन्होंने लखन पटेल को ‘राम लखन पटेल’ कहकर संबोधित किया। अपनी ही कैबिनेट के साथी का बदला हुआ नाम सुनकर लखन पटेल भी ठहाका लगाने से खुद को रोक नहीं सके।
चेयरमैन की नियुक्ति पर भी 'अजीब' परिचय
अपेक्स बैंक के नवनियुक्त चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव का परिचय कराते समय भी मंत्री जी का अंदाज काफी अनौपचारिक रहा। उन्होंने परिचय देते हुए कहा— ‘हमारे अपेक्स बैंक के... ये कल-परसों में जो नियुक्ति हुई है, उसके चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव।’
सियासी गलियारों में चर्चा
सोशल मीडिया पर अब मंत्री जी के इस भाषण के अंश तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग चटखारे लेकर कह रहे हैं कि मंत्री जी अपनों के नाम और उनके काम को लेकर कुछ ज्यादा ही 'उत्साहित' थे। हालांकि, मंच पर मौजूद सभी नेताओं ने इसे सहज अंदाज में लिया, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड और प्रोटोकॉल के लिहाज से यह 'स्लिप ऑफ टंग' काफी सुर्खियां बटोर रही है।