भोपाल। 
मध्य प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र सोमवार को चल रहा है। सदन में 'नारी शक्ति वंदन' विषय पर चर्चा के बीच हंगामा हुआ तो कांग्रेस विधायकों ने वॉकआउट कर दिया। इधर, कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर विधानसभा जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने मंत्रालय के आगे बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया गया। शाह का कहना है कि उन्होंने ट्रैक्टर का पास बनवाया था, जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक्टर ले जाने की अनुमति नहीं है। इसी बात को लेकर पुलिस और विधायक के बीच जमकर बहस हुई और धक्का-मुक्की भी हुई।
पूर्व मंत्री बोलीं- कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएंगे
पूर्व मंत्री और विधायक मीना सिंह ने कहा कि निश्चित रूप से अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में भी कांग्रेस ने महिला आरक्षण पर साथ नहीं दिया था और अब भी साथ नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। वहीं, कांग्रेस विधायक ने पूछा उमा, वसुंधरा, कुसुम महदेले के साथ बीजेपी ने क्या किया, जवाब मांगेंगे।
इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अनुसार देश की संसद और सभी राज्यों की विधानसभाओं में परिसीमन के आधार पर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का संकल्प पेश करेंगे।
दिवंगत गायिका आशा भोंसले को दी श्रध्दांजली
विशेष सत्र के दौरान दिवंगत गायिका आशा भोंसले, भूतपूर्व विधानसभा सदस्य यादवेन्द्र सिंह, भूतपूर्व विधानसभा सदस्य के. पी. उन्नीकृष्णन, भूतपूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई, समेत कुछ प्रमुख नेताओं को श्रद्धांजलि भी दी गई।
महिला आरक्षण पर यह है पूरा विवाद
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले संसद में पारित हो चुका था, लेकिन 17 अप्रैल को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक गिर गया।इसी हार के बाद से भाजपा अब कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन को 'महिला विरोधी' करार दे रही है। भाजपा का दावा है कि विपक्ष ने जानबूझकर इस महत्वपूर्ण कानून की राह में रोड़े अटकाए हैं।