चेन्नई/भोपाल। 
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी सादगी और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस बार उनका एक ऐसा रूप सामने आया है जिसे देख हर कोई हैरान है। तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के रण में उतरे मुख्यमंत्री मोहन यादव बिल्कुल दक्षिण भारतीय रंग-रूप में रंगे नजर आए। उनके इस 'स्वैग' की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
लुंगी, गमछा और स्टाइलिश चश्मा
तमिलनाडु के रोड शो के दौरान सीएम मोहन यादव ने पारंपरिक सफेद लुंगी (मुंडू) और सफेद शर्ट पहनी थी। कंधे पर पारंपरिक अंदाज में रखा गमछा और चेहरे पर काला चश्मा उनके लुक को और भी प्रभावशाली बना रहा था। वहां की संस्कृति को अपनाकर जब सीएम जनता के बीच पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
मुख्यमंत्री का यह अंदाज 'जैसा देश, वैसा भेष' की कहावत को चरितार्थ कर रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा है कि सीएम ने न केवल कपड़े बदले, बल्कि वहां के लोगों की भावनाओं से जुड़ने का एक सफल प्रयास भी किया है। रोड शो के दौरान उनकी यह 'स्टाइलिश' उपस्थिति युवाओं के बीच भी आकर्षण का केंद्र बनी रही।
प्रचार के बहाने संस्कृति का सम्मान
डॉ. मोहन यादव अक्सर अपनी जड़ों से जुड़े रहने के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले भी वे अलग-अलग राज्यों के दौरों पर वहां की पारंपरिक वेशभूषा में नजर आ चुके हैं। जानकारों का मानना है कि तमिलनाडु जैसे राज्य में, जहाँ क्षेत्रीय पहचान बहुत मायने रखती है, मुख्यमंत्री का यह साउथ इंडियन लुक भाजपा के चुनाव प्रचार को एक नई मजबूती दे सकता है।