अपनी ही सरकार के खिलाफ 'बगावत' के सुर; BJP विधायक ने दी सड़क पर उतरने की चेतावनी
विदिशा।
मध्यप्रदेश में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के भीतर से ही सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। विदिशा जिले की शमशाबाद सीट से भाजपा विधायक सूर्य प्रकाश मीणा ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आंदोलन का ऐलान कर दिया है। विधायक ने साफ कहा है कि यदि 7 दिनों के भीतर गेहूं खरीदी की व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो वे किसानों के साथ सड़क पर चक्काजाम करने को मजबूर होंगे।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों ने विधायक सूर्य प्रकाश मीणा से मुलाकात कर गेहूं खरीदी केंद्रों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं की शिकायत की थी। किसानों का कहना है कि केंद्रों पर तुलाई की रफ्तार बेहद धीमी है, जिससे किसान परेशान हैं। विधायक मीणा ने किसानों की शिकायतों को जायज ठहराते हुए कहा कि आमतौर पर 20 अप्रैल तक गेहूं की तुलाई का बड़ा हिस्सा पूरा हो जाता था, लेकिन इस बार व्यवस्थाएं अभी भी शुरुआती स्तर पर ही अटकी हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।"
CM और शिवराज सिंह से करेंगे चर्चा
विधायक ने केवल अल्टीमेटम ही नहीं दिया, बल्कि उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने किसानों से अपील की है कि यदि एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ, तो सभी अपना काम छोड़कर आंदोलन के लिए तैयार रहें।
सियासी गलियारों में हलचल
सत्ता पक्ष के विधायक का अपनी ही सरकार के खिलाफ यह कड़ा रुख चर्चा का विषय बन गया है। दिलचस्प बात यह है कि शमशाबाद क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र (विदिशा) के अंतर्गत आता है। ऐसे में भाजपा विधायक के ये 'बागी तेवर' सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकते हैं।

यूपी बोर्ड 10वीं का रिजल्ट बस कुछ ही पलों में जारी
अमित जोगी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, सजा और दोषसिद्धि पर रोक
मोदी का तंज: झालमुड़ी मैंने खाई, जलन उन्हें हो रही
पश्चिम बंगाल चुनाव में SIR बना सबसे बड़ा सियासी मुद्दा