भोपाल। 
मध्य प्रदेश में शिवपुरी के पिछोर से BJP विधायक प्रीतम सिंह लोधी की टप्पणी से IPS एसोसिएशन नाराज है। SDOP डॉ. आयुष जाखड़ को ‘करैरा तेरे डैडी का नहीं है एसडीओपी’ कहने पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। एसोसिएशन ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। ADG स्तर के अधिकारी चंचल शेखर ने पत्र में लिखा कि- अधिकारी के खिलाफ टिप्पणी की गई। परिवार को लेकर भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। विधायक के व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। इस तरह की भाषा और व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था की मर्यादा के खिलाफ है। एसोसिएशन का कहना है कि ऐसे बयानों से पुलिस अधिकारियों की निष्पक्षता और मनोबल पर असर पड़ता है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली प्रभावित होती है।जनप्रतिनिधियों से यह अपेक्षा की जाती है कि वे सार्वजनिक जीवन में संयमित और जिम्मेदार भाषा का उपयोग करें।
सिविल सर्विस डे पर बयान से बढ़ी संवेदनशीलता
IPS एसोसिएशन ने इस बात पर भी गहरा खेद जताया कि यह प्रेस नोट 21 अप्रैल यानी सिविल सर्विस डे के दिन जारी करना पड़ा। एसोसिएशन के अनुसार यह दिन लोक सेवकों के योगदान को सम्मान देने का होता है, लेकिन उसी दिन एक अधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने एसडीओपी आयुष जाखड़ को धमकी दी। वीडियो में वे कह रहे हैं कि करैरा के एसडीओपी के बंगले को 10 हजार लोगों को ले जाकर गोबर से भरवा देंगे। मेरा मुक्का पहले ढाई किलो का था, अब यह ढाई सौ किलो का हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि वे उन्हें बेचैन कर देंगे। विधायक ने कहा कि वे एसपी से पूछना चाहते हैं कि उन्हें दिल्ली से निर्देश कौन भेज रहा है। क्या मोदी भेज रहे हैं, अमित शाह भेज रहे हैं या महाराज सिंधिया भेज रहे हैं? ऐसे निर्देश केवल उन्हें ही क्यों भेजे जा रहे हैं, जबकि भोपाल में पार्टी का नेतृत्व मौजूद है।
करैरा तेरे डैडी का नहीं है SDOP
इसके अलावा विधायक ने कहा था- 'करैरा तेरे डैडी का नहीं है एसडीओपी'। करैरा आएगा और चुनाव भी लड़ेगा। अगर तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना। अधिकारी अपनी औकात में रहें और कानून के दायरे में काम करें। कानून हमें भी आता है।