भोपाल।
मध्य प्रदेश में इन दिनों गैस की किल्लत है। गैस की किल्लत के बीच शादियों के सीजन की शुरुआत हो गई है। आम लोगों को शादी के सीजन में दिक्कतों का सामने नहीं करने पड़े इसलिए भोपाल जिला प्रशासन ने गैस की सप्लाई को लेकर नई व्यवस्था लागू की है। इस व्यवस्था के तहत शादी वाले घरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई की जाएगी। जिन घरों में शादी है, उन्हें कमर्शियल सिलेंडर लेने के लिए शादी का कार्ड जमा करना होगा। इसके साथ ही एड्रेस प्रूफ और एक आवेदन देना होगा जिसके बाद उन्हें दो कमर्शियल सिलेंडर मिल सकेंगे। हालांकि नई व्यवस्था में अधिकतम दो कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही प्रावधान किया गया गया है।
कितना पैसा जमा करना होगा
शादी का कार्ड जमा करने के साथ ही आवेदन को 4400 रुपये डिपॉजिट करने होंगे। प्रत्येक कमर्शियल सिलेंडर के लिए 2200 रुपए डिपॉजिट देना होगा। हालांकि यह पैसे रिफंड के रूप में वापस मिल जाएंगे। पैसे वापस तभी मिलेंगे जब गैस एजेंसी में खाली सिलेंडर जमा कर दिए जाएंगे। सिलेंडर की भरवाई आवेदक को अलग से देनी होगी। गैस भरवाने के लिए आवेदन को 1850 रुपये प्रति सिलेंडर देना होगा।
2 से 3 दिन में वापस करना होगा सिलेंडर
जिस घर में शादी है वहां कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई के बाद 2 से 3 दिन के भीतर गैस एजेंसी को खाली सिलेंडर वापस करना होगा। 2 से 3 दिनों में सिलेंडर लौटना अनिवार्य है। हालांकि प्रशासन ने दावा किया है भोपाल में LPG की कोई किल्लत नहीं है। किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। LPG की पर्याप्त आपूर्ति है।
गैस एजेंसी में क्या-क्या जमा करना होगा
कमर्शियल सिलेंडर लेने के लिए आवेदक को गैस एजेंसी में जाकर शादी का कार्ड, पहचान पत्र और एक आवेदन देना होगा। आवेदक को किस दिन सिलेंडर चाहिए और किस स्थान पर इसकी भी जानकारी देनी होगी।