भोपाल। 
अपने कभी 'मोती' की खेती देखी है! जल्द ही मध्य प्रदेश के खेतों में 'मोती' ही मोती' चमकते नजर आएंगे। सुनकर आप भी हैरान हो गए न, लेकिन ऐसा जल्द ही संभव होने वाला है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीते रोज किसानों को एक ऐसे जादुई तरीके के बारे में बताया, जिससे खेतों में फसलों के साथ-साथ अब ' मोती की खेती ' की जा सकेगी। दरअसल देश के कुछ हिस्सों में आर्टिफिशियल तरीके से खेतों में तालाब बनाकर 'मोती' की फॉर्मिंग की जा रही है। इसमें सीप के माध्यम से मोती विकसित किए जाते हैं। इस उन्नत तकनीक में तालाब में ठीक उसी तरह से मोती तैयार होते हैं, जैसे समंदर की गहराई में सीप के अंदर मोती तैयार होते हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, इस मॉडल को एमपी में लेकर आए हैं। बीते रोज मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में आयोजित ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ इसी कारण चर्चाओं में आया, क्योंकि इस आयोजन की सबसे खास बात रही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम डॉ. मोहन यादव को को मोती की खेती (Pearl Farming) का प्रदर्शन दिखाना रहा।
जानिये कैसे होती है मोती की खेती

  • मीठे पानी की सीपों को इकट्ठा किया जाता है
  • सीप के अंदर एक छोटा सा 'बीड' या सांचा डाला जाता है।
  • सीपों को जालों में रखकर पानी में रखा जाता है
  • सीप पानी में 12 से 18 महीनों तक रखे जाते हैं
  • सीप अपने अंदर आए बाहरी कण पर प्राकृतिक परत चढ़ाते हैं
  • समय पूरा होने पर सीप को खोलकर 'मोती' निकाला जाता है

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 'मोती' देख हैरान रह गए
जब शिवराज सिंह चौहान ने राजनाथ सिंह को खेतों में तैयार हो रहे मोतियों को दिखाया, तो रक्षा मंत्री दंग रह गए। आमतौर पर मोती समुद्र की गहराइयों में पाए जाते हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के किसान अब इन्हें मीठे पानी के टैंकों और तालाबों में सफलतापूर्वक उगा रहे हैं। मेले में आए मोती उत्पादक ने राजनाथ, मोहन यादव और शिवराज के सामने सीप से मोती निकालकर दिखाए तो सभी आश्चर्यचकित रह गए।
'आलू-प्याज छोड़िए, मोती उगाइए'
शिवराज सिंह चौहान ने पारंपरिक खेती जैसे आलू, प्याज, गेहूं के साथ-साथ नवाचार पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कैसे कम जमीन में और कम पानी के उपयोग से मोती की खेती किसानों की आय को कई गुना बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा कि पहले तो समुद्र में ही सीप में मोती मिलते थे, लेकिन अब किसान भाई भी अपने खेत में तालाब बनाकर सीप में मोती की खेती कर सकते हैं। इसको जरूर सीखिए।