भोपाल। 
मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों 'साफा' (पगड़ी) सिर्फ सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि सियासी रसूख और टैलेंट दिखाने का जरिया बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 50 सेकंड में साफा बांधने वाले वायरल वीडियो के बाद, अब पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने महज 35 सेकंड में साफा बांधकर 'स्पीड टेस्ट' में बाजी मारने की कोशिश की है। लेकिन बात सिर्फ साफा बांधने तक नहीं रुकी, बल्कि हरदा के मंच पर 'मुंगेरीलाल के हसीन सपनों' जैसी मुख्यमंत्री पद की भविष्यवाणियों तक जा पहुंची।
स्पीड में पटवारी ने दी मुख्यमंत्री को मात!
हाल ही में एक सार्वजनिक मंच पर सीएम मोहन यादव ने 50 सेकंड में साफा बांधकर सबको चौंकाया था। अब जीतू पटवारी ने चुनौती स्वीकारते हुए रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने मात्र 30 से 35 सेकंड के भीतर अपने सिर पर साफा लपेटकर यह जता दिया कि वे भी किसी 'टैलेंट' में पीछे नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने बड़प्पन दिखाते हुए वह साफा कार्यकर्ता को पहना दिया, लेकिन सोशल मीडिया पर 'साफा वॉर' छिड़ गई है।
तू मेरा CM, मैं तेरा CM: हुड्डा और पटवारी का 'मुखिया' प्रेम
असली खेल तब हुआ जब हरदा के मंच पर जीतू पटवारी और हरियाणा के कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा साथ थे। दोनों नेताओं के बीच 'सौजन्य भेंट' इतनी आगे बढ़ गई कि मंच पर ही एक-दूसरे को मुख्यमंत्री घोषित करने की होड़ लग गई।
हुड्डा बोले: हरियाणा में कांग्रेस का आशीर्वाद मिले और सरकार बने।
पटवारी ने तुरंत कहा "और दीपू भैया (हुड्डा) मुख्यमंत्री बनें।"
हुड्डा ने भी हाजिरजवाबी दिखाते हुए कहा "तो फिर जीतू भैया भी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें।"
जनता के चटकारे: सरकार का पता नहीं, CM पहले तय!
इस वीडियो के वायरल होते ही सियासी गलियारों में हंसी-मजाक का दौर शुरू हो गया है। लोग कह रहे हैं कि कांग्रेस में अभी सरकार बनने का दूर-दूर तक अता-पता नहीं है, लेकिन नेताओं ने आपस में मुख्यमंत्री की कुर्सियां अभी से बांट ली हैं। मध्य प्रदेश और हरियाणा, दोनों जगह चुनाव में अभी लंबा वक्त है, लेकिन 'साफा' पहनकर 'मुखिया' बनने की यह जल्दबाजी चर्चा का विषय बनी हुई है।