"मुफ्त की रेवड़ियां बंद हों, महिलाओं को पैसे देना सशक्तिकरण नहीं"—भोपाल में अपनी ही पार्टी की लीक से हटकर बोले कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे
भोपाल ।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तीन राज्यों के युवा विधायकों का सम्मेलन चल रहा है। इस सम्मेलन में एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायक आए हुए हैं। एमपी कांग्रेस के युवा विधायक हेमंत कटारे ने इस सम्मेलन में अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए फ्रीबीज योजनाएं ठीक नहीं हैं। उनके खाते में पैसे डालने से वह सशक्त नहीं हो रही हैं।
जनप्रतिनिधि होने के बाद हम बहुत कमजोर हो जाते हैं
कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि हम जनप्रतिनिधि होने के बाद बहुत कमजोर हो जाते हैं। लेकिन पूरे देश के लिए हम एक बात कहना चाहेंगे। हम कई बार बोलने से पहले यह सोचते हैं कि ऐसा कह दिया तो ये और वो वर्ग नाराज हो जाएगा। मैंने ऐसा बोल दिया तो महिलाएं नाराज हो जाएंगी। अगर हम नाराजगी से घबराते रहें तो देश की सेवा कब करेंगे।
पूरे देश में बंद हो फ्री बीज की योजनाएं
वहीं, हेमंत कटारे ने कहा कि जितनी भी फ्रीबीज योजनाएं हैं, ये बंद होनी चाहिए। मैं यहां भी कह रहा हूं और यहां से बाहर भी कहूंगा। उन्होंने कहा कि मैं जो कहता हूं, उससे मुकरता नहीं हूं। हम कहते हैं कि महिलाओं के खाते में रुपए डालकर उन्हें सशक्त बना रहे हैं। आप कैसे सशक्त बना रहे हैं। आप उनकी खातों में 10000 रुपए डालकर कह रहे हैं कि वो सशक्त हैं। वो सशक्त नहीं हैं। अगर आपको महिलाओं को सशक्त बनाना है तो आप उन्हें पैसे मत दीजिए। भारत की हर महिला के अंदर काबिलियत है। उसका आप उपयोग करेंगे तो वह सशक्त हो जाएंगी। आवश्यकता ही अविष्कार की जननी है। हम अगर सीधे पैसे देने लगेंगे तो वह काम क्यों करेगी। अगर कोई गरीब है तो हम उसकी शिक्षा और स्वास्थ्य पर खर्च करें।
विकसित भारत के लिए हानिकारक है यह
हेमंत कटारे ने यह भी कहा कि फ्रीबीज की योजनाएं विकसित भारत के लिए हानिकारक हैं। इसके साथ ही कटारे ने कहा कि ब्यूरोक्रेसी की भी जवाबदारी हो। वह इस मानसिकता के साथ आते हैं कि हम काम करें या नहीं करें, 62 साल तक मुझे कोई हिला नहीं सकता है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में भी फ्रीबीज योजनाएं चल रही हैं। राज्य की सरकार लाडली बहनों को हर महीने 1500 रुपए देती है। इस मद में हर महीने करोड़ों रुपए खर्च होते हैं। इस तरह की योजनाएं अन्य राज्यों में भी चल रही हैं।

अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला, कहा- ‘नक्सलियों के साथ रहते-रहते खुद बन गए’
नाबालिग से दुष्कर्म का दोषी बुरी तरह फंसा: 20 साल का कारावास और 40 हजार रुपये जुर्माना
मध्य प्रदेश में महंगाई की मार, 1 अप्रैल से दूध के दाम 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ेंगे