भोपाल। 
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव (CM Dr Mohan Yadav) ने 25 मार्च को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि रामनवमी के पावन पर्व से भोपाल से ओरछा के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी. यह सेवा धार्मिक आस्था से जुड़े श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को आसान और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. राज्य सरकार का कहना है कि सनातन संस्कृति से जुड़े तीर्थ स्थलों तक पहुंच को सरल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश के अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों पर भी दर्शन की सुगमता को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने जन्म दिवस के अवसर पर रवीन्द्र भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया. इसी दौरान एमपीटी कैफे कल्चर हाउस का शुभारंभ भी किया गया. कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने केक काटकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी, गीत प्रस्तुत किया और उन्हें एक पेंटिंग भेंट की. बालिका सिहायना तिवारी ने इस अवसर पर कविता पाठ कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया. उन्होंने प्रभु श्रीराम के संघर्ष पर भी कविता प्रस्तुत की, जिसे सभी ने सराहा.