भोपाल। 
एमपी के पूर्व सीएम और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने पहली बार आज गुरुवार को यूपी के अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे। राम मंदिर के निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद यह दिग्विजय सिंह पहली बार अयोध्या पहुंचे और उन्होंने रामलला के दर्शन किए।
दिग्गी बोले- धर्म का उपयोग व्यवसाय और राजनीति के लिए नहीं करते
दिग्विजय सिंह ने अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद कहा- कांग्रेस में हर व्यक्ति अपनी आस्था के अनुसार धर्म का पालन करता है। हम धर्म का दुरुपयोग न तो व्यवसाय के लिए करते हैं न राजनीति के लिए करते हैं। कोई किसी भी धर्म का व्यक्ति क्यों न हो चाहे हिन्दू हो, मुसलमान हो, सिख हो, चाहे पारसी हो या ईसाई हो, हर व्यक्ति अपनी आस्था के अनुसार धर्म का पालन करता है। लेकिन उसका राजनैतिक दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। धर्म का दुरुपयोग व्यवसाय के लिए नहीं करना चाहिए।
‘जब प्रभु का बुलावा आया तो मैं उपस्थित हो गया’
ईरान-इजराइल युद्ध को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा - यह सब देख रहे हैं कुकिंग गैस के लिए और पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगी हुई है। जब प्रभु का बुलावा आता है तो हर व्यक्ति आ जाता है। वहीं, आप प्रभु राम के यहां आएं और हनुमान जी के दर्शन न करें ऐसा तो संभव नहीं हैं।
बीजेपी ने कहा- राज्यसभा सीट मांगने गए दिग्विजय
दिग्विजय सिंह के अयोध्या में रामलला के दर्शन करने पर बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा दिग्विजय सिंह भगवान से अपनी राज्यसभा सीट जाने के बाद तरह तरह से प्रयास कर रहे हैं। मुझे लगता है कि या तो वे उसी राज्यसभा सीट को मांगने गए हैं या फिर गांधी परिवार पर प्रेशर बनाने गए हैं।