भोपाल। 
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दो दिन पहले जिस गुना जिला प्रशासन की तारीफ की थी, उसे गुरुवार को गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने 'नकारा' बता दिया। नवसंवत्सर के अवसर पर मानस भवन में आयोजित विक्रमोत्सव कार्यक्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की मौजूदगी में विधायक ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अफसर केवल कागजों में काम करते हैं। कार्यक्रम में विधायक मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे, जबकि जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे और सांसद प्रतिनिधि हरि सिंह यादव भी मौजूद रहे।
नवसंवत्सर के अवसर पर प्रशासन द्वारा मानस भवन में विक्रमोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान सम्राट विक्रमादित्य के ऊपर नाटिका का मंचन किया गया। कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा, "अब आप एक दो दिन बाद गुनिया नदी का काम चालू करोगे न, उसे सहज मत मानना। बहुत कठिन है वो काम।"
"न जाने कितने रसूखदार हैं न, दिल्ली, भोपाल और ग्वालियर से फोन लगवाएंगे आपको कि साहब जरा रुकवा देना। इसलिए मेरा इतना ही निवेदन है कि डिस्मेंटल आफ्टर सूचना। डिस्मेंटल आफ्टर संदेश।"
आप करते तो हो ही नहीं, कागजों में करने से क्या मतलब
विधायक ने आगे कहा, "हम हर कदम पर आपके साथ खड़े हैं। कल हम इसीलिए नहीं आए उस मीटिंग में। आप करते तो हो ही नहीं, कागजों में करने से क्या मतलब। कुछ कर के बताओ न भाई। आपको याद करेंगे।" “ये मानस भवन जिन कलेक्टर ने बनाया न, उनको लोग आज भी याद करते हैं। बहुत अच्छा काम किया उस महापुरुष ने। वो भी जिलाधीश था, आप भी श्रीमान जिलाधीश हैं।”
एसडीएम तलवार लेकर घूम जाएं, देखो कितना मजा आता है विधायक शाक्य ने मंच से कहा, "ये SDM तो आज से नवरात्रि चालू हो गईं, दुर्गा स्वरूप हैं, घूम जाएं तलवार लेकर खटा खट, देखो कितना मजा आता है।" "गुना सुधर जाए, गुना जिला सुधर जायेगा, आज अगर हम ये न कर पाए, तो फिर कभी नहीं होगा, आप जैसे ऐसे ही नकारा अफसर आते जाएंगे और चले जाएंगे।"