एक चोरी ऐसी भी...कैमरे देखते रह गए और चोर सिलेंडर ले गए: भोपाल में वकील के घर शातिर चोरी!
भोपाल।
राजधानी के पॉश इलाके कोह-ए-फिजा में आने वाले लालघाटी क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहां ओम शिव नगर में रहने वाले भोपाल कोर्ट के एडवोकेट रॉबिन जैन के घर से तीन अज्ञात बदमाशों ने चार गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने इस वारदात को सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी में अंजाम दिया और बाइक पर सिलेंडर लादकर फरार हो गए।
आधी रात को दिया वारदात को अंजाम
एडवोकेट रॉबिन जैन (40) ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 14 मार्च की रात करीब 12:30 बजे अपने घर की सीढ़ियों के नीचे पार्किंग एरिया में सिलेंडर रखे देखे थे। अगली सुबह करीब 9 बजे जब उनकी नजर वहां पड़ी, तो चारों सिलेंडर गायब थे। जब उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें तीन संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर सिलेंडर ले जाते हुए साफ नजर आए।
चोरी हुए सिलेंडरों का ब्यौरा
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए सभी सिलेंडर खाली थे। इनमें से एक भारत गैस और तीन इंडेन कंपनी के सिलेंडर थे। ये गैस कनेक्शन रॉबिन के पिता और भाई के नाम पर रजिस्टर्ड हैं। चोरी हुए सिलेंडरों की कुल कीमत करीब 6,000 रुपये आंकी जा रही है। वकील ने व्यस्तता के कारण 15 मार्च को देर से शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी में कैद हुए सिलेंडर चोर
पुलिस ने एडवोकेट की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि तीन बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे और बड़ी ही सफाई से चारों सिलेंडर उठाकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस अब उस बाइक के नंबर और हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
खाली सिलेंडर भी महंगे बिक रहे
भोपाल में हाल के दिनों में कमर्शियल और घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी की खबरें सामने आती रही हैं। खाली सिलेंडर भी कबाड़ या ग्रे-मार्केट में अच्छी कीमत पर बिक जाते हैं, जिसके चलते रिहायशी इलाकों की पार्किंग में रखे सिलेंडरों को निशाना बनाने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय होता दिख रहा है।

भोरमदेव महोत्सव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 400+ पुलिसकर्मी तैनात
मध्य प्रदेश में कांग्रेस को सताने लगा क्रॉस वोटिंग का खतरा
मसौढ़ी के छाता मठ से 8 करोड़ की अष्टधातु मूर्तियां चोरी
47 हजार मीट्रिक टन गैस लेकर भारत लौटा ‘नंदा देवी’ जहाज
चांदी में ₹3000 का उछाल, सोना ₹1.57 लाख पर पहुंचा