भोपाल। 
भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सदन में जर्जर स्कूल भवनों का मुद्दा उठाया। उन्होंने स्कूलों की टूटी छतों के फोटो दिखाते हुए बाउंड्रीवाल और मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर चिंता जताई। जवाब में स्कूल शिक्षा मंत्री ने बताया कि सिवनी विधानसभा क्षेत्र में 44 प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय भवन जीर्ण-शीर्ण स्थिति में हैं, जबकि 5 नए विद्यालय भवन स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में करीब 1800 स्कूल भवनों को जर्जर चिह्नित किया गया है। अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए विभाग ने 1200 करोड़ रुपये की राशि जारी की है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बजट को बताया अज्ञानी
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विधानसभा परिसर में मीडिया के साथ बातचीत में बजट को लेकर कहा कि मध्य प्रदेश सरकार का बजट ज्ञानी (GYANII) नहीं अज्ञानी है। प्रदेश सरकार पर पांच लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। चालू वित्त वर्ष में ही करीब 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक कर्ज लिया गया, जिसका ब्याज चुकाने में ही सरकार को हर साल 27 हजार करोड़ रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने माना इंदौर में दूषित पानी से हुई 20 मौतें
विधानसभा में डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने लिखित जवाब में स्वीकार किया कि इंदौर में 21 दिसंबर 2025 से उत्तर दिए जाने तक दूषित पानी के कारण कुल 20 मौतों की आधिकारिक पुष्टि हुई है। सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस अवधि में 459 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 4 मरीज अभी भी उपचाराधीन हैं। मृत्यु के संभावित कारणों की पुष्टि के लिए NIRBI-कोलकाता, एमजीएम माइक्रोबायोलॉजी लैब और डीपीएचएल-इंदौर में जल एवं मरीजों के स्टूल सैंपलों की जांच कराई गई। प्रयोगशाला रिपोर्ट में कॉलेरा और ई.कोलाई संक्रमण की पुष्टि हुई है।