भोपाल। 
सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र से पहले विधायकों ने साढ़े तीन हजार से अधिक सवाल लगाए हैं। इन सवालों के लिखित जवाब बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार के मंत्री देंगे। विधानसभा सचिवालय के अनुसार अब तक कुल 3478 सवाल मिले हैं। इनमें 2253 प्रश्न ऑनलाइन और 1225 प्रश्न ऑफलाइन पूछे गए हैं। सभी प्रश्न अलग-अलग विभागों से संबंधित हैं, जिनके उत्तर निर्धारित तिथियों पर सदन में दिए जाएंगे। 11 फरवरी तक की स्थिति में 8 स्थगन प्रस्ताव, 132 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, शून्यकाल में सूचना पढ़ने के 45 प्रस्ताव और 41 अशासकीय संकल्प प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 14 याचिकाएं और नियम 139 के अंतर्गत चर्चा के 2 प्रस्ताव भी विधानसभा सचिवालय को मिले हैं। नियम 139 के तहत प्राप्त प्रस्तावों पर सदन की कार्यवाही के दौरान विधानसभा अध्यक्ष समय निर्धारित करेंगे।
विधानसभा के बजट सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर एक-दो दिन में सचिवालय का निरीक्षण करेंगे। वे सदन के भीतर विधायकों और मंत्रियों की बैठक व्यवस्था, संचार प्रणाली तथा दर्शक दीर्घा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।