लाडली बहना पर बयान देकर घिरे मंत्री करण सिंह वर्मा ने मांगी माफी, बोले- बहनों का पैसा जारी रहेगा
भोपाल।
प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा अपने एक विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। ‘लाडली बहना योजना’ को लेकर दिए गए बयान पर बढ़ते विवाद के बाद मंत्री ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि उनकी भावनाओं को गलत तरीके से लिया गया और उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली राशि लगातार जारी रहेगी। सीहोर जिले की इछावर विधानसभा में आयोजित एक शासकीय कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने लाडली बहना योजना को लेकर मंच से कहा था कि यदि लाडली बहनें सरकारी आयोजन में शामिल नहीं हुईं तो उनका नाम योजना से कट सकता है। इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई थीं। इस पर सफाई देते हुए करण सिंह वर्मा ने कहा कि उन्होंने स्वयं सभी लाडली बहनों और समूहों को बुलाने की बात कही है, ताकि उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी दी जा सके और ज्यादा से ज्यादा महिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि उनका बयान किसी भी तरह से योजना को लेकर नकारात्मक संदेश देने के लिए नहीं था। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। लाडली बहना योजना भी उनमें से एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि योजना की राशि बंद होने जैसी कोई बात नहीं है और यह लाभ आगे भी निरंतर मिलता रहेगा। विवाद बढ़ने के बाद मंत्री ने सार्वजनिक मंच से माफी मांगते हुए कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है तो वह उसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनभावनाओं का सम्मान करना जरूरी है और वह हमेशा जनता की भावनाओं के साथ खड़े रहेंगे। मंत्री ने यह भी कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मोहन सरकार के रहते किसी भी स्थिति में महिलाओं के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा।

राफेल के बाद S-400 के लिए मिसाइलें खरीदेगा भारत, रूस के साथ डील डन, Op सिंदूर में पाक के लिए बनी थीं काल
मध्य प्रदेश के बजट से जागी उम्मीदें, छोटे उद्योगों को रियायत और MSME के लिए अलग नियम की मांग
किन्नर समुदाय बनाएगा अपना अलग शंकराचार्य, महाशिवरात्रि पर होगा ऐलान, 250 ट्रांसजेंडर हिंदू धर्म में करेंगे वापसी
फ्रांस के साथ बड़ी डिफेंस डील को मंजूरी...सेना की बढ़ेगी ताकत