भोपाल।

मध्यप्रदेश प्रशासनिक गलियारों से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय वन सेवा के 2013 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विपिन पटेल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना त्यागपत्र पीसीसीएफ एवं हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स को सौंप दिया है। सूत्रों के मुताबिक, विपिन पटेल ने 4 फरवरी 2026 से सेवा छोड़ने की इच्छा जताई है। वर्तमान में वे जबलपुर प्लानिंग सर्किल में डीएफओ के पद पर पदस्थ थे। उनके इस्तीफे की खबर सामने आते ही वन विभाग में हलचल तेज हो गई है। विपिन पटेल का प्रशासनिक करियर काफी सक्रिय और प्रभावशाली रहा है। वे इससे पहले रीवा, दमोह, सतना और अनूपपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने वन संरक्षण, प्रशासनिक सुधार और योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे के निजी कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। सरकार स्तर पर उनके त्यागपत्र पर निर्णय प्रक्रिया जारी है। IFS जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण कैडर के अधिकारी का अचानक इस्तीफा देना प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इस फैसले को लेकर और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।